home page

भगवान परशुराम जयंती पर शोभायात्रा 19 को

 | 
भगवान परशुराम जयंती पर शोभायात्रा 19 को


जोधपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। भगवान विष्णु के छठे अवतार परशुराम जन्मोत्सव को लेकर कार्यक्रमों की श्रृंखला शुक्रवार से शुरू हो गई। शहर में अलग-अलग संस्थाएं कार्यक्रम आयोजित कर रही है।

भगवान परशुराम की जयंती के पावन अवसर पर सर्व ब्राह्मण महासभा जोधपुर इकाई के तत्वावधान में परशुराम महादेव मंदिर में तीन दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आज से शुरू हुए।

महासभा के जिलाध्यक्ष डॉ. आनंदराज पुरोहित ने बताया कि यह आयोजन भोगीशैल पर्वतमाला स्थित सिवांची गेट स्वर्गाश्रम के आगे परशुराम महादेव मंदिर परिसर में हो रहे है। आज सुबह सुबह गणपति पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। शनिवार को भगवान परशुराम के विग्रह का विशेष अभिषेक किया जाएगा। इस दौरान इत्र, पंचामृत, शहद, केसर एवं 101 किलो दूध से अभिषेक होगा। साथ ही 51 वेदपाठियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सामूहिक रुद्राभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात भजन संध्या आयोजित होगी, जिसमें स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

अंतिम दिन 19 अप्रैल को भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर सुबह विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी तथा सायं 6 बजे सम्मान समारोह आयोजित होगा। इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तियों को 16वां परशुराम पुरस्कार 2026 प्रदान किया जाएगा। साथ ही दो विशिष्ट व्यक्तियों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।

समारोह में राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधीश संजीत पुरोहित मुख्य अतिथि होंगे। वहीं सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी, वरिष्ठ चिकित्सक एवं समाजसेवी नगेंद्र शर्मा तथा वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद पुरोहित विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

वहीं भगवान परशुराम जयंती उत्सव के समन्वय दीपक गौड़ ने बताया कि संयोजक विक्रम उपाध्याय के नेतृत्व में आज से चार दिवसीय उत्सव की शुरुआत हुई। सुबह परशुराम सर्किल पर स्वच्छता अभियान चलाकर पक्षियों के लिए परिंडों का वितरण किया गया। कार्यक्रम संयोजक विक्रम उपाध्याय ने बताया कि 18 अप्रैल को शाम छह बजे परशुराम पार्क में 2100 दीपक लगाकर दीपोत्सव मनाया जाएगा और 19 अप्रैल को भगवान परशुराम की शोभायात्रा निकाली जाएगी। वहीं 20 अप्रैल को गो पूजन होगा। शोभायात्रा को लेकर आज अलग-अलग मंदिरों कमेटियों को निमंत्रण दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश