home page

सेवा कार्यों के साथ मनाया जाएगा भगवान परशुराम का जन्मोत्सव

 | 
सेवा कार्यों के साथ मनाया जाएगा भगवान परशुराम का जन्मोत्सव


जयपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव रविवार को विभिन्न सेवा कार्यों के साथ मनाया जाएगा। जिसमें राजस्थान ब्राह्मण महासभा की विभिन्न इकाइयों के सदस्य मौजूद रहेंगे।

राजस्थान ब्राह्मण महासभा की विभिन्न इकाइयों की ओर से भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव पर अनेक सेवा कार्य किए जाएंगे। शनिवार को जन्मोत्सव कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। राजस्थान ब्राह्मण महासभा जयपुर महानगर महामंत्री शिव कुमार भारद्वाज ने बताया कि महासभा की खंड इकाई रामगढ़ मोड़ की ओर से आमेर रोड गुर्जर घाटी स्थित कादंबरी माता मंदिर में सुबह दस बजे से भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। महामंत्री जगदीश नारायण शर्मा ने बताया कि पूजन के बाद महाआरती होगी।

राजस्थान ब्राह्मण महासभा इकाई आगरा रोड गोनेर रोड की ओर से आगरा रोड स्थित प्रेमनगर पुलिया सर्विस रोड उत्तर पर सुबह नौ से दोपहर एक बजे तक राहगीरों और आम जनता को शर्बत पिलाया जाएगा। अध्यक्ष हनुमान सहाय शर्मा ने बताया कि इससे पूर्व इकाई के कार्यालय में वेद मंत्रोच्चार के साथ भगवान परशुराम जी का पूजन किय जाएगा।

राजस्थान ब्राह्मण महासभा इकाई हीरापुरा के अध्यक्ष प्रो. भगवान सहाय शर्मा, संरक्षक आर डी शर्मा के नेतृत्व में महासभा के हीरानगर कार्यालय में भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। महासभा के तत्वावधान में 23 अप्रेल को जलेब चौके से गाजेबाजे के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी।

आराध्य देव श्री गोविन्द देवजी में 19 अप्रैल को भगवान परशुराम की जयंती मनाई जाएगी। सुबह मंगला झांकी के बाद मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में ठाकुर श्रीजी का वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। ठाकुर श्रीजी को केसरिया रंग की विशेष पोशाक धारण कराई जाएगी। आकर्षक अलंकारों से श्रृंगार किया जाएगा। इसके साथ ही ठाकुर श्रीजी को लड्डू का विशेष भोग अर्पित किया जाएगा।

वहीं विप्र महासंघ सेवा समिति राजस्थान के तत्वावधान में भगवान परशुराम जन्मोत्सव समारोह का आयोजन 19 अप्रैल को निर्माण नगर स्थित श्री सिद्धेश्वर गणेश शिव हनुमान मंदिर परिसर में किया जाएगा। कार्यक्रम प्रात: 9:30 बजे से शुरू होकर दोपहर 12:30 बजे तक चलेगा। आयोजन के तहत सुबह 10:30 बजे आगंतुक महानुभावों का सम्मान किया जाएगा, जबकि 11:15 बजे भगवान परशुराम की विधिवत पूजा-अर्चना होगी। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अम्बिका दत्त कौशिक ने बताया कि समारोह में ब्राह्मण समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

इधर भगवान परशुराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में समस्त ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में 19 अप्रैल को विद्याधर नगर स्थित परशुराम सर्किल पर शाम सवा छह बजे सैंकड़ों दीपकों से भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। गौड़ विप्र समाज जयपुर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बजाया कि महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भगवान परशुराम की आराधना करेंगे और समाज की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। कार्यक्रम को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है। इस मौके पर भगवान परशुराम जी को छप्पन भोग अर्पित किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश