बीकानेर रेल मंडल की आय व यात्री संख्या में बढ़ोतरी, माल लदान में 10% से अधिक वृद्धि
बीकानेर, 02 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर-पश्चिम रेलवे के बीकानेर रेल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में माल लदान, यात्री परिवहन और आय के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने गुरुवार को पत्रकारों को इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में 3.65 मिलियन टन माल लदान हुआ, जो पिछले वर्ष की तुलना में 10.27 प्रतिशत अधिक है। माल ढुलाई से ₹617.05 करोड़ की आय प्राप्त हुई, जबकि गत वर्ष यह ₹555.85 करोड़ थी, जिससे 11.01 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
यात्री परिवहन के क्षेत्र में मंडल ने 4.85 करोड़ यात्रियों को सेवाएं प्रदान कीं, जिससे ₹615.33 करोड़ की आय हुई। पिछले वर्ष यह आय ₹602.77 करोड़ थी, जो 2.37 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाती है। प्रतीक्षा सूची के यात्रियों को सुविधा देने के लिए 2246 अतिरिक्त कोच जोड़े गए, जिससे ₹12.98 करोड़ की अतिरिक्त आय अर्जित हुई। यात्रियों की सुविधा के लिए कई ट्रेनों के ठहराव सतनाली, सिवानी, महेंद्रगढ़, मंडी आदमपुर और लूनकरनसर सहित विभिन्न स्टेशनों पर बढ़ाए गए। पार्सल आय में भी वृद्धि दर्ज करते हुए यह ₹21.93 करोड़ रही, जो पिछले वर्ष ₹18.98 करोड़ थी, यानी 15.54 प्रतिशत की बढ़ोतरी।
मंडल ने वर्ष 2025-26 में 1797 विशेष ट्रेन सेवाओं का संचालन किया। साथ ही 7 रेल सेवाओं का विस्तार किया गया और 3 नई रेल सेवाएं शुरू की गईं।इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास के तहत 83.70 किलोमीटर रेल लाइन का दोहरीकरण किया गया, जिसमें मोलीसर-चूरू, मन्हेरू-भिवानी, चूरू-दूधवा खारा और कलानौर कलां-डोभ-भाली खंड शामिल हैं। हनुमानगढ़-गोगामेड़ी और चूरू-सादुलपुर खंड में ट्रेनों की गति सीमा बढ़ाकर 110 किमी प्रति घंटा की गई है।
रेल सुरक्षा और सुविधा के लिए 60 पुलों का सुदृढ़ीकरण किया गया तथा लेवल क्रॉसिंग गेटों को बंद करने का कार्य भी किया गया। गोगामेड़ी और मंडी डबवाली स्टेशनों को एबीएसएस स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है, जबकि 20 स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य प्रगति पर है। यात्री सुविधाओं के विस्तार के तहत 5 लिफ्ट, 2 फुट ओवर ब्रिज, 14 हाई लेवल प्लेटफॉर्म और 38 स्टेशनों पर अतिरिक्त प्लेटफॉर्म शेल्टर स्वीकृत किए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

