बीएमकॉन का हुआ आगाज: बोन कैंसर की सटीक पहचान और उपचार से जुड़े पहलुओं पर हुई चर्चा
जयपुर, 06 मार्च (हि.स.)। भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर एवं इंडियन मस्क्यूलोस्केलेटल ऑन्कोलॉजी सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस आईएमएसओएस 2026 -बीएमकॉन की शुरूआत शुक्रवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में हुई। इस तीन दिवसीय कॉन्फ्रेंस के पहले दिन पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी और मेडिकल एवं रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विषय में वर्कशॉप आयोजित हुई। इनमें बोन कैंसर की सटीक पहचान और उपचार से जुड़े पहलुओं पर चर्चा हुई।
कॉन्फ्रेंस के ऑर्गेनाइजिंग चैयरमैन डॉ प्रवीण गुप्ता ने बताया कि पहले दिन पैथोलॉजी और ओआरपी वर्कशॉप के साथ ही एमएसके ट्यूमर में एडजुवेंट थेरेपी सिंपोजियम (मेडिकल ऑन्कोलॉजी, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी), मस्कुलोस्केलेटल ऑन्कोलॉजी में मॉलिक्यूलर प्रोफाइलिंग, मैलिग्नेंट बोन और सॉफ्ट टिशू ट्यूमर, मैलिग्नेंट बोन और सॉफ्ट टिशू ट्यूमर विषयों पर दस सत्र आयोजित हुए। इन सत्रों में 40 से ज्यादा राष्ट्रीय एवं अंतराष्ट्रीय विषेषज्ञों ने पेपर प्रजेंटेषन एवं सत्र में विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्ष किए। इन वर्कशॉप में देशभर से विषय विशेषज्ञों के साथ ही मेडिकल स्टूडेंट्स ने भी भाग लिया और ट्रेनिंग सेशन में कई नई नकनिकों के बारे में जानकारी ली।
आईएमएसओएस के प्रेसिडेंट डॉ. आशीष गुलिया ने बताया कि इन तीन दिनों में विशेषज्ञों, सर्जन्स, ऑन्कोलॉजिस्ट्स एवं शोधकर्ताओं की ओर से हड्डी एवं सॉफ्ट टिश्यू कैंसर के नवीनतम उपचार, अनुसंधान, सर्जिकल तकनीकों पर गहन चर्चा की जा रही है। कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन इंटरनेशनल स्पीकर डॉ. रॉब पोलॉक (यूके), डॉ. फिलिप टी. फुनोविक्स (ऑस्ट्रिया), डॉ. विवेक अजीत सिंह (मलेशिया) और डॉ. गुरपाल सिंह (सिंगापुर) के साथ ही कई नेशनल स्पीकर के महत्वपूर्ण सेशन आयोजित होंगे। कॉन्फ्रेंस के ऑर्गेनाइजिंग ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी डॉ अरविन्द ठाकुरिया ने बताया कि कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन समारोह शनिवार शाम पांच बजे आयोजित किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह, जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, साउथ वेस्टर्न कमांड होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

