बजट दोगुना होने से दुग्ध किसानों को नई तकनीकों तक पहुंच प्राप्त करने में मदद मिलेगी: जवाहर सिंह बेडम
जयपुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय डेरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) तथा इसकी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी एनडीडीबी डेयरी सर्विसेज द्वारा आयोजित दो दिवसीय भव्य डेयरी एवं पशुपालन कार्यक्रम रंगीलो का शनिवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। यह आयोजन श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय जोबनेर, जयपुर (राजस्थान) में हो रहा है।
इस कार्यक्रम में गिर, साहीवाल, थारपारकर, राठी, हरियाणा, कांकरेज, पुंगनूर और नागोरी जैसी स्वदेशी गायों की नस्लों; मुर्रा, नीली रावी और जाफराबादी जैसी भैंस नस्लों साथ ही बकरी, भेड़ और ऊँटों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त एचएफ और जर्सी क्रॉसब्रेड सहित विदेशी नस्ल की गायें भी आकर्षण का केंद्र हैं।
इस आयोजन में राज्य एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, डेयरी किसान, छात्र, दुग्ध प्रसंस्करण इकाइयाँ, डेयरी सहकारी संस्थाएँ, कृषि-उद्यमी, मूल्य संवर्धित उत्पाद निर्माता, उद्योग विशेषज्ञ और शोधकर्ता बड़ी संख्या में भाग ले रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में गृह एवं पशुपालन राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर एनडीडीबी के अध्यक्ष डॉ. मीनेश शाह, एनडीडीबी डेयरी सर्विसेज के प्रबंध निदेशक सीपी देवानंद ,राजस्थान कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन की प्रबंध निदेशक श्रुति तथा कार्यक्रम स्थल विश्वविद्यालय के कुलपति पुष्पेंद्र चौहान सहित कई विशिष्ट अतिथि मंचासीन रहे।
उद्घाटन समारोह में राजस्थान सरकार के गृह एवं पशुपालन विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि वह समझ सकते है कि डेयरी सेक्टर में काम करने वाले लोग, मेहनतकश मजदूर, किसान जो पशुपालन करके दुग्ध उत्पादन का काम करते हैं, उनकी समृद्धि के लिए सरकार के द्वारा किए जा रहे प्रयास और अधिकारी स्तर पर उसका किया जा रहा एग्जीक्यूशन,उस सबका समन्वय करते हुए हम इस सेक्टर को और मजबूती कैसे प्रदान कर सकते हैं, उसके लिए आज का यह मेला जो दो दिन चलेगा, हमारे-आपके लिए बहुत उपयोगी सिद्ध होगा। यहाँ कई हमारे रिसर्चर भी आए होंगे जो नए-नए इनोवेशन करने के लिए हमेशा रिसर्च करते रहते हैं। और इन दिनों में आप देख रहे होंगे भारत की सरकार ने भी डेयरी उत्पादों को अधिक से अधिक उपयोग में लेकर हम किसान को कैसे मजबूत कर सकते हैं उस पर बल दिया है। और प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का हम साधुवाद और आभार व्यक्त करेंगे कि उन्होंने इस बजट में हमारे डेयरी सेक्टर को मजबूत करने के लिए न्यू इनोवेशन नई तकनीकी, मशीन, प्रशिक्षण और अन्य जो भी है, जो 1000 करोड़ रुपये का बजट था उसको बढ़ाकर 2000 करोड़ रुपये का इसी बजट में घोषित किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

