फसल प्रबंधन कौशल को लेकर कृषि विभाग और काजरी में एमओयू
जोधपुर, 20 नवम्बर (हि.स.)। सूखा न्यूनीकरण परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा किसानों को कृषि सूखे की विषम परिस्थितियों के प्रति सशक्त बनाने और उन्नत तकनीकी मॉडलों के माध्यम से उनके फसल प्रबंधन कौशल को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज पंत कृषि भवन, जयपुर में कृषि विभाग राजस्थान सरकार और केंद्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान जोधपुर के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।
राज्य कृषि विभाग की ओर से कृषि आयुक्त एनके गोयल तथा भाकृअनुप-काजरी की ओर से निदेशक डॉ. हनुमान सहाय जाट ने इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। सूखा न्यूनीकरण परियोजना के अंतर्गत काजरी द्वारा जोधपुर और बाड़मेर जिलों में परियोजना क्रियान्वयन में तकनीकी सहयोग प्रदान किया जाएगा।
वित्तीय वर्ष 2026-27 और 2027-28 तक दो वर्ष के लिए लागू होने वाली इस परियोजना में काजरी तकनीकी एजेंसी की भूमिका निभाएगा, जिसके अंतर्गत काजरी द्वारा विकसित उन्नत तकनीकों का सीधा हस्तांतरण और किसानों के खेतों पर लाइव डेमो किया जाएगा। इसके तहत काजरी द्वारा विकसित शुष्क क्षेत्र की उन्नत एवं सूखा-रोधी फसल किस्मों, शुष्क बागवानी फसलों व नर्सरी प्रबंधन, वर्षा जल संचयन संरचनाओं, उन्नत चारा उत्पादन पद्धतियों, समेकित कृषि प्रणाली, मृदा-नमी संरक्षण और वाटरशेड विकास जैसी तकनीकों को किसानों तक पहुंचाया जाएगा।
नोडल विभाग के रूप में कृषि विभाग स्थानीय जलवायु परिस्थितियों के अनुकूल फसल प्रबंधन तकनीकों और उन्नत कृषि मॉडलों के प्रभावी संचालन तथा किसानों के क्षमता निर्माण को सुनिश्चित करेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

