प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत : गोपाल शर्मा
जयपुर, 28 मार्च (हि.स.)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत शांति नगर स्थित अटल सामुदायिक केंद्र के सुरेश शर्मा सभागार में शांति नगर मंडल का प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ। कार्यक्रम में सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वाल्मीकि समाज के पूर्व जिला अध्यक्ष शिवचरण डंडोरिया ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एच खान मौजूद रहे।
विधायक गोपाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन की मजबूती का आधार प्रशिक्षित और वैचारिक रूप से सक्षम कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांतों को वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता केवल राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि समाज सेवा का वाहक है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं को विचार, व्यवहार और संगठन तीनों स्तर पर दक्ष बनाते हैं, जिससे वे आमजन के बीच पार्टी की नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचा सकें। “सेवा, समर्पण और संगठन” के मूल मंत्र के साथ कार्य करते हुए ही अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास पहुंचाना संभव है।
शर्मा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं और संगठन को और अधिक मजबूत बनाएं।
शिविर में मंडल अध्यक्ष पवन सैनी, पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश गुर्जर, महामंत्री अखिलेश दुबे, करण सिंह तंवर, प्रशिक्षण संयोजक महेंद्र यादव, प्रशिक्षण सहसंयोजक सिद्धार्थ खन्ना एवं रेणु गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

