home page

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक मूल्यों का हो रहा पुनर्जागरण:मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

 | 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक मूल्यों का हो रहा पुनर्जागरण:मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक मूल्यों का हो रहा पुनर्जागरण:मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा


जयपुर, 31 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर ने सेवा और न्याय को शासन का आधार बनाया। अहिल्याबाई ने समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के साथ ही देशभर में धार्मिक स्थलों के उत्थान के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को नई ऊर्जा प्रदान की। उनका जीवन हमें यह संदेश देता है कि शिक्षित, आत्मनिर्भर एवं सशक्त मातृ शक्ति ही देश और समाज की प्रगति का आधार है। उनके आदर्श वर्तमान में विकसित भारत एवं विकसित राजस्थान की नींव है।

मुख्यमंत्री रविवार को बिड़ला ऑडिटोरियम में पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती पर प्रदेशस्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई ने काशी विश्वनाथ मंदिर सहित अनेक तीर्थस्थलों के पुनरुद्धार में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ ही तीर्थराज पुष्कर में भी सरोवर के घाटों का निर्माण करवाया। धर्म और आस्था के साथ ही देवी होल्कर प्रशासनिक कुशलता तथा सैन्य नेतृत्व के लिए भी जानी जाती थीं। सेना में उन्होंने महिला सैन्य टुकड़ी का गठन कर अपनी दूरदृष्टि का परिचय दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आत्मनिर्भर बनने के अवसर प्रदान करना ही लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों का वास्तविक अनुसरण है। इसी दिशा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिला शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। साथ ही, हमारी सरकार ने बजट में घुमन्तू एवं अर्द्धघुमन्तू समाज के बच्चों के लिए स्कूल ऑन व्हील्स की घोषणा की है। उन्होंने आश्वस्त करते हुए कहा कि समाज के छात्र-छात्राओं के लिए जयपुर में छात्रावास निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध करवाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के कार्यों के अनुरूप ही आज देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक पुनर्जागरण हो रहा है। अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, केदारनाथ धाम का पुनर्विकास, महाकाल लोक का निर्माण तथा सोमनाथ स्वाभिमान पर्व इसके उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि आज देश विकास और विरासत, आधुनिकता और आस्था को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भी प्रदेश के प्रमुख आस्था धामों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मेहंदीपुर बालाजी, खाटूश्यामजी, सालासर बालाजी, तीर्थराज पुष्कर, तनोट माता, करणी माता, श्रीनाथजी, सांवरिया सेठ तथा गिरिराज धरण, पूंछरी का लौठा सहित विभिन्न आस्था केन्द्रों के विकास के लिए अनेक कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही, वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से अब तक 91 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थयात्रा कराई जा चुकी है। वहीं, इस वर्ष छह हजार वरिष्ठजनों को हवाई मार्ग से पशुपतिनाथ (नेपाल) तथा 50 हजार वरिष्ठजनों को एसी ट्रेन के माध्यम से विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक समाज एवं प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण योगदान है। बघेल समाज ने पशुपालन, कृषि और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसान और पशुपालक केे हित में निरंतर कार्य कर रही है। इसी दिशा में पशुपालकों को गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से ऋण सुविधा, उनके पशुधन की सुरक्षा के लिए पशु बीमा योजना तथा उपचार के लिए मोबाइल वेटरनरी यूनिट की सुविधा उपलब्ध करवा रही है। इसके साथ ही राज्य सरकार द्वारा पशुपालकों को प्रति लीटर 5 रुपये का अनुदान भी दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुग्ध उत्पादन में राजस्थान देश का अग्रणी राज्य है। राज्य सरकार दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाने, दुग्ध संयंत्रों के विस्तार तथा नए संग्रहण केन्द्र स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही है, ताकि पशुपालकों की आय में वृद्धि तथा युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गंगा दशहरा (25 मई) से वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान संचालित किया जा रहा है। इसकेे माध्यम से जल स्रोतों की साफ-सफाई एवं मरम्मत के कार्य किए जा रहा हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे सभी इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं।

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि समाज अहिल्या बाई होल्कर के जीवन से प्रेरणा लेकर एकजुट रहे और देश-प्रदेश के विकास में योगदान दे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में पिछड़े वर्ग के युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही, किसानों और पशुपालकों के हित में भी राज्य सरकार की ओर से कई महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई जा रही हैं।

राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने कहा कि अहिल्या बाई होल्कर ने सैकड़ों साल पहले महिला शिक्षा को आगे बढ़ाने का काम किया। आज युवा ऐसी ही महान विभूतियों के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें और आने वाली पीढ़ी को संस्कारवान बनाने का कार्य करें।

कार्यक्रम में अहिल्याबाई होल्कर के जीवन पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया गया। इस अवसर पर अहिल्याबाई होल्कर के वंशज उदय सिंह राजे होल्कर, विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्ध घुमंतू जनजाति महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष दुष्यंत सिंह बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गडरिया, गाडरी, गायरी, धनगर, पाल, बघेल एवं होल्कर समाज के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश