home page

प्रदेश स्तर पर हुए समझौते के बाद नर्सेज का आंदोलन स्थगित

 | 
प्रदेश स्तर पर हुए समझौते के बाद नर्सेज का आंदोलन स्थगित


जोधपुर, 25 जून (हि.स.)। राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन जोधपुर शहर द्वारा अध्यक्ष जगदीश जाट के नेतृत्व में डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. बीएस जोधा के माध्यम से चिकित्सा विभाग के प्रमुख शासन सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में बताया गया कि दिवंगत नर्सिंगकर्मी दीपक खारवाल के परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर प्रदेशभर में चल रहे आंदोलन के समर्थन में जोधपुर में भी लगातार प्रदर्शन एवं गेट मीटिंग आयोजित की जा रही थीं। प्रदेश संघर्ष समिति एवं चिकित्सा शिक्षा आयुक्त के मध्य हुए समझौते के उपरांत प्रदेश स्तर पर आंदोलन स्थगित करने के निर्णय का सम्मान करते हुए राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन जोधपुर ने भी अपने सभी प्रस्तावित आंदोलन एवं कार्यक्रम फिलहाल स्थगित करने की घोषणा की है।

ज्ञापन में सरकार से मांग की गई कि दिवंगत दीपक खारवाल के परिजनों को न्याय दिलाते हुए उचित आर्थिक मुआवजा एवं आश्रित को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। साथ ही प्रदेश में प्रचलित निविदा (ठेका) प्रथा को पूर्णत: समाप्त किया जाए, सेवा से हटाए गए कार्मिकों का अन्य योजनाओं में समायोजन किया जाए तथा प्रदेश में रिक्त 12,000 नर्सिंग एवं 4,000 पैरामेडिकल पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया प्रारम्भ की जाए।

संगठन ने स्पष्ट किया कि प्रदेश स्तर पर हुए समझौते के अनुरूप यदि सरकार द्वारा निर्धारित समय में प्रभावी कार्यवाही नहीं की जाती है, तो आंदोलन को पुन: प्रारम्भ करने का निर्णय लिया जाएगा। तब तक आंदोलन स्थगित रहेगा। इस दौरान बसंत रॉयल, रामेश्वर इंदालिया सहित संगठन के कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश