home page

पश्चिमी विक्षोभ से राजस्थान में आंधी-बारिश का दौर जारी, चूरू में दो इंच वर्षा; अगले 4-5 दिन राहत के आसार

 | 
पश्चिमी विक्षोभ से राजस्थान में आंधी-बारिश का दौर जारी, चूरू में दो इंच वर्षा; अगले 4-5 दिन राहत के आसार


जयपुर, 18 जून (हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान में मौसम लगातार करवट ले रहा है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आंधी और बारिश का सिलसिला जारी है। गुरुवार को राज्य के करीब दस शहरों में मेघगर्जन, तेज हवाओं और वर्षा की गतिविधियां दर्ज की गईं। सबसे अधिक वर्षा चूरू में लगभग दो इंच रिकॉर्ड की गई। लगातार हो रही बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, हालांकि उमस ने परेशानी बढ़ा दी है।

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को एक नया मौसम तंत्र सक्रिय होने से पिलानी, कोटा, संगरिया, लूणकरणसर, झुंझुनूं, उदयपुर, चूरू, श्रीगंगानगर और सीकर सहित कई क्षेत्रों में बारिश हुई। उदयपुर और श्रीगंगानगर में तेज बारिश के कारण कई दुकानों और निचले इलाकों में पानी भर गया। आंधी और बारिश के बाद इन शहरों के तापमान में दो से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई।

राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस श्रीगंगानगर में दर्ज किया गया, जबकि संगरिया में न्यूनतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे अधिक रात्रिकालीन तापमान रहा। बीकानेर, चूरू और अलवर में भी दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि जोधपुर, फलौदी, बीकानेर और पाली में रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर और जोधपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में तेज मेघगर्जन, 50 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलने वाली आंधी तथा मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई। इन संभागों में आगामी चार से पांच दिनों तक इसी प्रकार की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने 21 जून तक प्रदेश में इस मौसम प्रणाली का प्रभाव बने रहने का अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक विशेष रूप से दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी राजस्थान में आंधी-बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। हालांकि आगामी दिनों में तापमान में अस्थायी उतार-चढ़ाव बना रहेगा, लेकिन उमस भरी गर्मी से पूरी तरह राहत मिलने की संभावना कम है।

जयपुर में गुरुवार को दिनभर बादलों और धूप की आवाजाही बनी रही। इसके कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान में 1.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1.9 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। बढ़ी हुई नमी के कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ा।

वर्षा के आंकड़ों पर नजर डालें तो 12 से 18 जून के दौरान राजस्थान में सामान्य से 33 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में राज्य में सामान्य 11.4 मिलीमीटर के मुकाबले 15.1 मिलीमीटर वर्षा हुई। पूर्वी राजस्थान में सामान्य से 50 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई, जहां 14.1 मिलीमीटर के मुकाबले 21.2 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं पश्चिमी राजस्थान में 9.1 मिलीमीटर के मुकाबले 10.3 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से 13 प्रतिशत अधिक है।

मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बने रहने की संभावना है, जबकि पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रह सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश