पत्रकारिता लोकतंत्र की शक्ति, मर्यादाओं में रहकर निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता करें: देवनानी
जयपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र की महत्वपूर्ण शक्ति है और पत्रकारों को मर्यादाओं का पालन करते हुए निर्भीक, निष्पक्ष तथा जनहित आधारित पत्रकारिता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति का भी सम्मान होना चाहिए और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान की भावना बनी रहनी चाहिए।
विधानसभा अध्यक्ष सोमवार को विद्याधर नगर में राजस्थान पत्रकार परिषद की ओर से आयोजित दीपावली स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा वरिष्ठ पत्रकारों को साफा पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
देवनानी ने कहा कि उनका मीडिया से 55 वर्षों का संबंध रहा है। पत्रकारिता केवल समाचारों को लोगों तक पहुंचाने का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के विचारों, परिस्थितियों और जनभावनाओं को समाज के सामने रखने का महत्वपूर्ण कार्य भी करती है। संसद और विधानसभाओं में होने वाले निर्णय जहां संवैधानिक इतिहास का हिस्सा बनते हैं, वहीं पत्रकारिता उन निर्णयों के पीछे की परिस्थितियों और जनभावनाओं को दर्ज करती है।
उन्होंने कहा कि कलम की ताकत का वास्तविक परिचय उसके सामाजिक प्रभाव से मिलता है। एक समाचार किसी गांव की समस्या को शासन तक पहुंचा सकता है, पीड़ित व्यक्ति में न्याय की उम्मीद जगा सकता है और किसी सकारात्मक पहल को व्यापक पहचान दिला सकता है। पत्रकारिता की सार्थकता जनहित के मुद्दों को प्रभावी तरीके से सामने रखने और समाज को सही दिशा में सोचने के लिए प्रेरित करने में है।
देवनानी ने कहा कि भारत का स्वतंत्रता आंदोलन पत्रकारिता के योगदान के बिना अधूरा है। राजा राममोहन राय, बाल गंगाधर तिलक, महात्मा गांधी और गणेश शंकर विद्यार्थी जैसे व्यक्तित्वों ने पत्रकारिता को राष्ट्रीय जागरण, जनचेतना और सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनाया।
उन्होंने कहा कि संसदीय पत्रकारिता सदनों की बहस, विधेयकों की भावना, जनप्रतिनिधियों के विचार और जनहित से जुड़े निर्णयों को जनता तक पहुंचाकर संसदीय विमर्श को व्यापक सामाजिक संवाद का हिस्सा बनाती है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि डिजिटल क्रांति के कारण समाचारों की गति और पहुंच कई गुना बढ़ गई है। आज कोई भी सूचना कुछ ही क्षणों में व्यापक स्तर पर पहुंच सकती है। ऐसे में समाचार की गति के साथ उसकी सत्यता, विश्वसनीयता और प्रमाणिकता सुनिश्चित करना पत्रकारों की बड़ी जिम्मेदारी है।
कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि तकनीक सूचना का विश्लेषण कर सकती है, लेकिन मानवीय संवेदना, सामाजिक संदर्भ, नैतिक विवेक और सार्वजनिक जवाबदेही पत्रकारिता के मूल आधार बने रहेंगे।
उन्होंने पत्रकारिता में समाज के सकारात्मक पक्षों को भी पर्याप्त स्थान देने की आवश्यकता बताई।
देवनानी ने ग्रामीण पत्रकारिता को लोकतंत्र की जमीनी संवेदना बताते हुए कहा कि गांवों में कार्यरत पत्रकार किसानों की समस्याओं, विकास योजनाओं की वास्तविक स्थिति, शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासन से जुड़े मुद्दों को सामने लाकर लोकतंत्र को आमजन से जोड़ते हैं। उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने की आवश्यकता भी बताई।
कार्यक्रम को विधायक कालीचरण सराफ, महापौर सुनील कोठारी और राजस्थान पत्रकार परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलविंदर सिंह जम्मू ने भी संबोधित किया। परिषद अध्यक्ष रोहित सोनी ने स्वागत किया, जबकि कार्यकारी अध्यक्ष गिरिराज अग्रवाल ने आभार जताया।
इस अवसर पर पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अनिल लोढ़ा, गुलाब बत्रा, महेश शर्मा, महेश झालानी, योगेश जैमन, सत्यनारायण शर्मा, सुरेंद्र जैन पारस, अजीत तिवारी, पुरुषोत्तम सैनी, जगदीश जैमन, गिरिराज जैमन, वीरेंद्र सिंह राठौड़ और राजेंद्र हंस का सम्मान किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

