home page

नीट परीक्षा की तैयारियों का जिला कलेक्टर व एसपी ने लिया जायजा

 | 
नीट परीक्षा की तैयारियों का जिला कलेक्टर व एसपी ने लिया जायजा


चित्तौड़गढ़, 10 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला कलेक्टर डॉ. मंजू एवं जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय तथा भामाशाह द्वारका प्रसाद काबरा राजकीय पुरुषार्थी उच्च माध्यमिक विद्यालय का दौरा किया। इस दौरान परीक्षा कंट्रोल रूम, परीक्षा कक्षों, स्ट्रांग रूम एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा का आयोजन निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता एवं अभ्यर्थियों की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) दिनेश धाकड़, जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल