home page

नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन गुरुवार से

 | 
नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन गुरुवार से


जयपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश में नगरीय निकाय चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। नगरीय निकायों—नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं—के चुनाव के लिए लोकसूचना जारी होने के साथ ही गुरुवार से नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया शुरू होगी। जिला निर्वाचन अधिकारियों ने नामांकन को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

आयोग की ओर से 27 से 31 अगस्त तक नामांकन का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। हालांकि, इस अवधि में 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 30 अगस्त को रविवार होने के कारण नामांकन पत्र केवल 27, 29 और 31 अगस्त को ही दाखिल किए जा सकेंगे। ऐसे में प्रत्याशियों के पास नामांकन प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रभावी रूप से तीन दिन का समय रहेगा।

इस बीच चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे दावेदारों ने नगर निगम से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) और नो ड्यूज लेने की प्रक्रिया तेज कर दी है। अब तक जयपुर नगर निगम से 153 पूर्व पार्षदों सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और दावेदारों ने नो ड्यूज प्राप्त कर लिया है।

वहीं, निगम के विभिन्न जोन कार्यालयों में चुनाव लड़ने के इच्छुक करीब 7000 से अधिक लोगों ने नो ड्यूज के लिए आवेदन किया है। इनमें से बड़ी संख्या में आवेदकों को नो ड्यूज प्रमाण पत्र जारी भी किए जा चुके हैं। नो ड्यूज लेने वालों की बढ़ती संख्या से साफ है कि आगामी निकाय चुनावों को लेकर दावेदारों में खासा उत्साह है और राजनीतिक सरगर्मी लगातार बढ़ रही है।

नगर निगम से नो ड्यूज लेने वालों में पूर्व महापौर, उपमहापौर और अन्य प्रमुख पदाधिकारी भी शामिल हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व महापौर कुसुम यादव, पूर्व उपमहापौर पुनीत कर्णावत, नेता प्रतिपक्ष राजीव चौधरी सहित कई पूर्व पार्षदों ने चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी शुरू कर दी है। इनके अलावा पार्षद उमरदराज, असलम फारुखी, नीरज अग्रवाल, विमल अग्रवाल, कैलाश खारड़ा और मनीष पारीक सहित अन्य नेताओं ने भी निगम से नो ड्यूज लिया है।

नो ड्यूज लेने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब दावेदारों का पूरा फोकस नामांकन दाखिल करने पर रहेगा। राजनीतिक दलों के साथ ही बड़ी संख्या में निर्दलीय दावेदार भी चुनावी तैयारी में जुटे हुए हैं।

जयपुर में 15 रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालय

जयपुर नगर निगम चुनाव के लिए जिला निर्वाचन शाखा ने नामांकन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए 15 रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) कार्यालय बनाए हैं। नगर निगम के 150 वार्डों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक 10 वार्ड पर एक आरओ कार्यालय निर्धारित किया गया है।

इन कार्यालयों में संबंधित वार्डों से चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। प्रशासन की ओर से नामांकन के दौरान कानून-व्यवस्था और व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश