home page

धूमधाम से मनाई महेश नवमी, शोभायात्रा निकाली

 | 
धूमधाम से मनाई महेश नवमी, शोभायात्रा निकाली


जोधपुर, 23 जून (हि.स.)। माहेश्वरी वंशोत्पति पर आयोजित कार्यक्रमों की कड़ी में मंगलवार को भगवान महेश की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल झांकियों ने शहरवासियों का मन मोह लिया। शोभायात्रा का कई स्थानों पर स्वागत किया गया।

माहेश्वरी समाज के उत्पति दिवस महेश नवमी पर समाज की ओर से शोभायात्रा सहित प्रमुख मंदिरों में कार्यक्रम हुए। सुबह शुभ मुहूर्त में रातानाडा स्थित माहेश्वरी जनोपयोगी भवन में दामोदर लाल बंग की प्रतिमा के पूजन के बाद शोभायात्रा को रवाना किया गया। समाज मंत्री नंदकिशोर शाह, उपमंत्री राधेश्याम डागा और ओमप्रकाश मनिहार ने बताया कि शोभायात्रा रातानाडा से नई सडक़, घंटाघर, कटला बाजार, राखी हाउस और खांडा फलसा होते हुए माहेश्वरी न्याति नोहरा जालोरी गेट पहुंची। इसमें लालसागर, महावीर नगर, महामंदिर, खेतानाडी, नागौरी गेट, सुभाष चौक, पाल बालाजी पश्चिम क्षेत्र, मसूरिया, सुभाष नगर, बासनी, सूरसागर और चांदपोल सहित विभिन्न क्षेत्रों की झांकियां शामिल हुई।

शोभायात्रा में तरह-तरह की करीब सौ से अधिक झांकियां शामिल हुई। शोभायात्रा में भगवान महेश, राधाकृष्ण सहित विभिन्न देवी-देवताओं एवं पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और अन्न बचाओ जैसे सामाजिक संदेशों पर आधारित 101 से अधिक झांकियां शामिल हुई। इसके अलावा भक्तिमय गीत, भजन गायन भी हुआ। शोभायात्रा का रास्ते में समाज के धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक संगठनों की ओर से जगह-जगह पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया गया। साथ ही पूरे मार्ग पर अल्पहार, शीतल पेय आदि की व्यवस्था रखी गई।

महाप्रसादी संयोजक महेश फोफलिया और कमल राठी ने बताया कि गोपीकिशन मालाणी और ओमप्रकाश सोनी के सान्निध्य में बुधवार को महेश न्यात गंगा में हजारों समाजबंधु शामिल होंगे। अन्न बचाओ समिति महाप्रसादी स्थल पर इतना ही लो थाली में, व्यर्थ न जाए नाली में के संदेश के साथ लोगों को जागरूक करेगी। संयोजक दिनेश राठी और वरुण बंग ने बताया कि मुख्य अतिथि हैदराबाद के महेश भगवती बल्दवा, विशिष्ट अतिथि कोलकाता के गोविंद शांति देवी शारदा तथा माहेश्वरी महासभा के सभापति संदीप काबरा होंगे। इसके बाद 25 जून को चले एक कदम मानवता के नाम हम तथा 26 जून को एक शाम खाटूश्याम के नाम और महेश मेले का आयोजन होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश