home page

द्रव्यवती नदी को प्रदूषण मुक्त करने के लिए राज्य सरकार सख्त, अतिरिक्त मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण

 | 
द्रव्यवती नदी को प्रदूषण मुक्त करने के लिए राज्य सरकार सख्त, अतिरिक्त मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण


जयपुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। द्रव्यवती नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के स्पष्ट निर्देशों की अनुपालना में शुक्रवार को नगरीय विकास एवं आवासन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक गुप्ता ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ द्रव्यवती नदी का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान आलोक गुप्ता के साथ जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन तथा नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा, जेडीए सचिव गौरव सैनी, जेडीए के निदेशक अभियांत्रिकी अजय गर्ग एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के उच्च अधिकारी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने बम्बाला पुलिया से स्वर्ण जयंती पार्क तक द्रव्यवती नदी के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक गुप्ता ने नगर निगम, जेडीए एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी 5 दिनों में जयपुर शहर का समग्र अध्ययन कर द्रव्यवती नदी में प्रदूषण को कम करने के लिए ठोस एवं प्रभावी समाधान तैयार किए जाएं। उन्होंने कहा कि जिन नालों को बंद किया जा सकता है, उन्हें प्राथमिकता से चिन्हित कर तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए।

इसके साथ ही उन्होंने द्रव्यवती नदी के रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि टाटा प्रोजेक्ट्स द्वारा किए जा रहे मेंटेनेंस कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। नदी किनारे स्थित शौचालयों एवं वॉक-वे की समुचित सफाई एवं रख-रखाव सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

अतिरिक्त मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि द्रव्यवती नदी को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है तथा इस दिशा में सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश