दो दिन दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में हीटवेव, बाड़मेर@40.4
जयपुर, 09 मार्च (हि.स.)। प्रदेश में गर्मी का असर बढऩे लगा है। 10 व 11 मार्च को दक्षिण और पश्चिम राजस्थान में हीटवेव देखने को मिल सकती है। सोमवार को प्रदेश के 18 शहरों का दिन का पारा 37 डिग्री के पार दर्ज किया गया। 40.4 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 22.8 डिग्री के साथ जयपुर की रात सबसे गर्म रही।
मौसम विभाग के अनुसार बाड़मेर के अलावा अजमेर, वनस्थली, जयपुर, पिलानी, कोटा, पाली, जैसलमेर, जोधपुर, फलौदी, चूरू, डूंगरपुर, जालोर, फतेहपुर, करौली, दौसा, लूणकरणसर और झुंझुनूं का दिन का पारा 37 डिग्री के पार दर्ज किया गया। आगामी समय में मौसम शुष्क रहने से पारे में और उछाल दर्ज किया जाएगा। खास तौर पर शेखावाटी के साथ पश्चिम राजस्थान के शहरों में हीटवेव देखने को मिल सकती है। बाड़मेर अलावा वनस्थली, पिलानी और चूरू का दिन का पारा 40 के नजदीक पहुंचा नजर आया। जयपुर के अलावा कोटा, फलौदी, बीकानेर और संगरिया का रात का पारा 20 डिग्री के पार दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने तथा आगामी दिनों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री और बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। राज्य के दक्षिणी भागों में आगामी तीन-चार दिन अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री दर्ज होने तथा 10-11 मार्च को दक्षिण-पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं हीटवेव दर्ज होने की संभावना है। राज्य के शेष अधिकांश भागों में आगामी तीन-चार दिन अधिकतम तापमान सामान्य से 4-8 डिग्री ऊपर जारी रहने की प्रबल संभावना है। 11-12 मार्च को उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ भागों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से तापमान में हल्की गिरावट होने की संभावना है। वर्तमान में राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के मध्य दर्ज किए जा रहे हैं जो की सामान्य से 4 से 9 डिग्री ऊपर है।
जयपुर की रात प्रदेश में सबसे गर्म रही। यहां पर रात के पारे में 3.3 डिग्री की उछाल दर्ज किया गया। जयपुर के दिन के पारे में भी उछाल देखने को मिला है। जयपुर का अधिकतम तापमान 37.8 और न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि जयपुर के पारे में उतार-चढ़ाव का दौर देखने को मिल सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

