home page

ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, भाई-बहन की मौत, पिता गंभीर

 | 
ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, भाई-बहन की मौत, पिता गंभीर


जयपुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। जिले के चाकसू थाना क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस के अनुसार, चाकसू कस्बे की वार्ड संख्या 14 स्थित चमन कॉलोनी निवासी शीतल प्रसाद वैष्णव अपने बेटे निश्चल वैष्णव (26) और बेटी किरण वैष्णव (30) के साथ कोथून से घर लौट रहे थे। देर रात बड़े बालाजी मंदिर के पास सड़क किनारे खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में उनकी बाइक पीछे से जा भिड़ी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही निश्चल वैष्णव की मौत हो गई, जबकि पिता और बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को पहले चाकसू उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया।

इलाज के दौरान किरण वैष्णव ने भी दम तोड़ दिया, जबकि पिता शीतल प्रसाद की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि निश्चल पुणे में एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और छुट्टियों में घर आए हुए थे। वहीं, किरण की शादी करीब छह महीने पहले बीकानेर में हुई थी और वह अपने भाई से मिलने चाकसू आई थीं। दो दिन बाद ही उन्हें वापस ससुराल लौटना था, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया।

रविवार को दोनों भाई-बहनों का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया।

इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। एक साथ जली चिता ने हर किसी को भावुक कर दिया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली को हादसे का कारण माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित