जोधपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के दूसरे फेज का टेंडर जारी
2029 तक बनेगा वर्ल्ड क्लास स्टेशन, उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक ने लिया विकास कार्यों का जायजा
जोधपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्य का दूसरे फेज का टेंडर हो गया है। यहां वर्ष 2029 तक निर्माण पूरा हो जाएगा। हालांकि दूसरे चरण का काम वर्ष 2027 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। जोधपुर स्टेशन को पारंपरिक राजस्थानी शैली में विश्वस्तरीय और अत्यधिक यूजर-फ्रेंडली बनाया जा रहा है, जहां यात्रियों के आवागमन, स्टे और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। यह बात उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने शुक्रवार को यहां मीडिया से बात करते हुए कही।
उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने जोधपुर दौरे में रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य और भगत की कोठी स्थित वंदे भारत मेंटेनेंस डिपो की प्रगति की गहन समीक्षा की। इस दौरान जोधपुर मंडल के डीआरएम अनुराग त्रिपाठी भी मौजूद थे। शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पुरानी कार्यदायी एजेंसी के कार्य में देरी के कारण 29 मई 2026 को उसका कॉन्ट्रैक्ट निरस्त कर दिया गया था। अब शेष 469.20 करोड़ के कार्य के लिए नया टेंडर आमंत्रित किया है। इसकी तकनीकी जांच जारी है। दस दिसंबर 2026 तक एलओए जारी होने की संभावना है। प्रोजेक्ट की नई संशोधित पूर्णता तिथि 30 जून 2029 तय की गई। महाप्रबंधक ने निर्माणाधीन स्टेशन भवन का अवलोकन किया।
उत्तर पश्चिम रेलवे के 493.49 करोड़ की मूल लागत वाले इस प्रोजेक्ट से वर्ष 2060 तक प्रतिदिन 92,043 यात्रियों की क्षमता विकसित होगी। मुख्य व सेकंड एंट्री भवन का क्षेत्रफल बढ़ाकर क्रमश: 18,189 एसक्यूएम तथा 9,181 एसक्यूएम किया जा रहा है। स्टेशन पर 7 एफओबी, 38 लिफ्ट, 19 एस्केलेटर, 685 कारों की पार्किंग और 4,162 एसक्यूएम का वेटिंग एरिया उपलब्ध रहेगा। इसके अतिरिक्त, महाप्रबंधक ने भगत की कोठी में वंदे भारत डिपो का भी निरीक्षण किया। 20-कार रेक क्षमता वाले इस डिपो का पहला चरण पूरा हो चुका है। दूसरा चरण वर्ष 2027 तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
एनडब्ल्यूआर के महाप्रबंधक शर्मा स्वच्छता पखवाड़ा 2026 कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। रेलवे की ईएनएचएम शाखा, जोधपुर मंडल के विशेष कार्यक्रम में महाप्रबंधक ने अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन को स्वच्छता अभियान और जागरूकता को लेकर शपथ दिलाई। इसके बाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर यात्रियों और आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम किए। इस दौरान स्टेशन पर स्वच्छता का संदेश देने वाले नुकड़ नाटक का भी आयोजन किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

