home page

जून में 22 हजार से अधिक यात्री बिना टिकट पकड़े, रेलवे ने वसूले 1.28 करोड़ रुपये

 | 
जून में 22 हजार से अधिक यात्री बिना टिकट पकड़े, रेलवे ने वसूले 1.28 करोड़ रुपये


जोधपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ जून माह में चलाए गए विशेष टिकट जांच अभियान के दौरान 22 हजार से अधिक मामले पकड़े गए। इन मामलों में रेलवे ने किराया और जुर्माने के रूप में कुल 1.28 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली की।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में मंडल के सभी रेलखंडों पर नियमित रूप से सघन टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। जून माह के दौरान बिना टिकट यात्रा के करीब 12 हजार मामले सामने आए, जिनसे 71.54 लाख रुपये की वसूली की गई। वहीं अनियमित टिकट पर यात्रा करने के 8,659 मामलों में 54 लाख रुपये किराया और जुर्माने के रूप में वसूल किए गए। उन्होंने बताया कि संशोधित जनविश्वास अधिनियम के तहत 20 जून से बिना टिकट यात्रा से संबंधित मामलों में न्यूनतम जुर्माना 250 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है। इसकी जानकारी यात्रियों को विभिन्न प्रचार माध्यमों के जरिए दी जा रही है। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।टिकट जांच के साथ-साथ रेलवे ने ट्रेनों और स्टेशन परिसरों में स्वच्छता तथा धूम्रपान निषेध नियमों का भी सख्ती से पालन कराया। जून माह में गंदगी फैलाने के 1,522 मामलों में 1.79 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, ट्रेन और रेलवे परिसरों में धूम्रपान करते पाए गए 191 यात्रियों से 72 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान नियमों के अनुसार ट्रेन और स्टेशन परिसर में धूम्रपान करते पाए जाने पर दो हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे वैध टिकट लेकर यात्रा करें तथा रेलवे के नियमों का पालन कर सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा में सहयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश