home page

जातरूओं की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन की विशेष पहल

 | 
जातरूओं की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन की विशेष पहल


रेडियम रिस्ट बैंड वितरित, वाहनों, बैग एवं अन्य सामान पर रेडियम लगाए

जोधपुर, 05 सितम्बर (हि.स.)। जिला प्रशासन जोधपुर की ओर से बाबा रामदेव के मेले में जाने वाले वाले श्रद्धालुओं एवं पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए इंद्रोका स्थित बाबा रामदेव मित्र मंडली भंडारा में नि:शुल्क चिकित्सा एवं सुरक्षा सेवा शिविर आयोजित किया गया। अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) जवाहर चौधरी ने शिविर का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए प्रेरित किया।

शिविर के दौरान श्रद्धालुओं की विशेष सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनके दुपहिया वाहनों, बैग एवं अन्य सामान पर रेडियम लगाए गए। साथ ही 500 से अधिक श्रद्धालुओं की कलाई पर रेडियम रिस्ट बैंड लगाए गए, ताकि रात्रि के समय वाहनों की रोशनी में उनकी दृश्यता बढ़ सके और सडक़ दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। शिविर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), जिला परिवहन विभाग जोधपुर तथा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहयोग प्रदान किया। शिविर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. बजरंग सारस्वत, प्रशासनिक अधिकारी जानकी दास चौहान, एनएचएआई के परियोजना प्रबंधक प्रियांशु, बाबा रामदेव सेवा संस्थान के अध्यक्ष करण सिंह राठौड़, समाजसेवी उम्मेदाराम खोत, आशीष पारीक, शेरू चौधरी, देवेंद्र पारीक, जसवंत कुमावत, सहित अन्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश