home page

जयपुर सहित 16 शहरों में हवाओं के साथ बारिश, नागौर-टोंक में गिरे ओले

 | 
जयपुर सहित 16 शहरों में हवाओं के साथ बारिश, नागौर-टोंक में गिरे ओले


जयपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश में सक्रिय नए पश्चिम विक्षोभ के असर से मंगलवार को जयपुर सहित करीब 16 शहरों में हवाओं के साथ बारिश हुई। नागौर और टोंक में ओले गिरे। सबसे ज्यादा बारिश फलौदी में करीब दो इंच दर्ज की गई। इसके अलावा चार शहरों में आधा इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश और ओलावृष्टि से रबी की फसलों को नुकसान बढ़ता जा रहा है। बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों के साथ सरकार को भी चिंता में डाल दिया है। सरकार किसानों के नुकसान का जल्द ही सर्वे करवाएगी। आंधी बारिश से प्रदेश के अधिकांश शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिली। । शहरों के तापमान में 2 से 7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अजमेर, पिलानी, जयपुर, सीकर, कोटा, जैसलमेर, जोधपुर, फलौदी, बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, नागौर, दौसा और प्रतापगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। अजमेर में 16, जैसलमेर में 16, नागौर में 17 और बीकानेर में 15 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। नागौर में तूफानी बारिश हुई। जैसलमेर के रामदेवरा में बरसात का पानी दुकानों में घुस गया। नागौर-टोंक में ओले भी गिरे। आंधी-बारिश की चेतावनी के कारण नागौर की दो मंडी में मंगलवार को अवकाश रहा। जयपुर, फलोदी, बीकानेर सहित कई जिलों में फसलों को भी नुकसान हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ हल्की मध्यम बारिश दर्ज। सर्वाधिक बारिश फलोदी में 42.2 मिमी दर्ज की गई है। मंगलवार को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर व उदयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में तेज मेघगर्जन, आकाशीय बिजली के साथ मध्यम से तेज बारिश हुई। इस दौरान जयपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में 30 से 50 मिमी तक बारिश व कहीं-कहीं ओलावृष्टि दर्ज की गई। 8 अप्रेल को भरतपुर, जयपुर संभाग के उत्तरी भागों में हल्की बारिश होने व शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। राज्य में 9 अप्रेल से आगामी 4-5 दिन अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने तथा 10 अप्रैल से तापमान में 3-4 डिग्री बढ़ोतरी होने की संभावना है।

जयपुर में मंगलवार को दिनभर रुक-रुक कर बारिश का दौर चलता रहा। जयपुर में सुबह सात बजे से बारिश दौर शुरू हुआ था जो कि देर शाम तक चलता रहा। इस दौरान कई बार तेज हवाएं भी चली। इससे जयपुर के दिन के पारे में 4.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इससे जयपुर के दिन और रात के तापमान में 5 डिग्री का ही अंतर रह गया। जयपुर का अधिकतम तापमान 28.7 और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश