home page

जयपुर सहित 16 शहरों में बारिश, सीकर, अलवर और कोटपूतली-बहरोड़ में गिरे ओले

 | 
जयपुर सहित 16 शहरों में बारिश, सीकर, अलवर और कोटपूतली-बहरोड़ में गिरे ओले


जयपुर, 19 मार्च (हि.स.)। पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान में दो दिन से आंधी-बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिल रही है। गुरुवार को प्रदेश के 16 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सीकर, अलवर और कोटपुतली-बहरोड़ में ओले गिरे। जैसलमेर में बारिश जनित हादसे में दो भाईयों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी 20 शहरों में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार सबसे ज्यादा बारिश बाड़मेर में 16.6 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा सीकर, जैसलमेर, तिजारा, भीलवाड़ा,अलवर, पिलानी, डबोक,जोधपुर, फलौदी, बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, डूंगरपुर, फतेहपुर, लूणकरणसर और जयपुर में बारिश रिकॉर्ड की गई। आंधी-बारिश के चलते फतेहपुर के दिन तापमान में सबसे ज्यादा करीब 12 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा बाड़मेर और सीकर के अधिकतम तापमान में भी 10 डिग्री की कमी देखी गई। 36.4 डिग्री के साथ चित्तौडग़ढ़ का दिन और 21.4 डिग्री के साथ जयपुर की रात सबसे गर्म रही। अजमेर और कोटा में भी रात का तापमान 20 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। वहीं कई जिलों में फसलों को भी नुकसान हुआ है। सीकर शहर में लगातार दूसरे दिन आज 30 सेकेंड तक ओले गिरे। जैसलमेर और बाड़मेर में जीरा, ईसबगोल की फसलों को नुकसान हुआ है। कृषि विभाग फसलों के खराबे का आकलन कर रहा है। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर और नारायणपुर क्षेत्र में बारिश के साथ करीब 20 मिनट तक ओले गिरे।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार को भी पश्चिम राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र रहा। राज्य के कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश दर्ज हुई है। सर्वाधिक बारिश बाड़मेर में 16.6 मिमी दर्ज की गई। गुरुवार को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर व कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ तेज आंधी (40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा) व बारिश दर्ज की गई। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हुई। 20 मार्च को अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ बारिश होने तथा जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर संभाग के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। 21 मार्च को मौसम शुष्क रहने एवं 22 मार्च को पुन: बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। वर्तमान में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 36 डिग्री से नीचे दर्ज किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश