home page

जयपुर में सजे फोटोग्राफी के महाकुंभ में विद्यार्थियों को दिए फोटोग्राफी के टिप्स

 | 
जयपुर में सजे फोटोग्राफी के महाकुंभ में विद्यार्थियों को दिए फोटोग्राफी के टिप्स


जयपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान फोटो फेस्टिवल के तहत जवाहर कला केंद्र की सहभागिता में आयोजित ‘नजर’ फोटो एवं पेंटिंग एग्जीबिशन के पांचवें सीजन में वर्ल्ड फोटोग्राफी डे के अवसर पर दूसरे दिन विद्यार्थियों के लिए विशेष फोटोग्राफी सेशन आयोजित किया गया। सोनी कैमरा की ओर से आयोजित सत्र में उमेश गोगना ने विद्यार्थियों को फोटोग्राफी की बारीकियों और तकनीकों की जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों को स्टार मिल्की वे फोटोग्राफी से संबंधित वीडियो भी दिखाया गया।

सेशन में पूर्णिमा यूनिवर्सिटी, आर्च कॉलेज ऑफ डिजाइन, हाइट्स इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन एंड टेक्नोलॉजी, एलन कॉलेज ऑफ डिजाइन, रेड स्केच डिजाइन और मालवीय कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रदर्शनी परिसर में सेल्फी के लिए रंगों से सजी पुरानी विंटेज कार भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

‘नजर’ के तहत स्व. चंद्रशेखर कुमावत की स्मृति में लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से पेंटिंग के क्षेत्र में विनय शर्मा, प्रोफेशनल फोटोग्राफी में दिल्ली के चित्रांगद कुमार और जयपुर की दुर्गेश नंदनी तथा पत्रकारिता के क्षेत्र में रामजी व्यास को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गलता से स्वामी अवधेशाचार्य, राघवेंद्राचार्य, राघव गोयल, राजदीप शर्मा, मनाली गोयल, रेणुका कुमावत, अदिति अग्रवाल और डोली अग्रवाल सहित अन्य मौजूद रहे।

फेस्टिवल में 400 से अधिक फोटोग्राफर और कलाकार शामिल हुए हैं। प्रदर्शनी में देश-विदेश और राजस्थान के फोटोग्राफरों की 800 से अधिक तस्वीरों के साथ पेंटिंग्स भी प्रदर्शित की गई हैं। दूसरे दिन आईएएस नवीन जैन, मोहित टेलर, विनोद शास्त्री, प्रीति शर्मा, राम यादव, उमेश गोगना, काशवी जैन और ललित कुमावत सहित कई जानी-मानी हस्तियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

प्रदर्शनी की संरक्षक रेणुका कुमावत ने बताया कि देश-विदेश की खूबसूरत तस्वीरों और पेंटिंग्स को देखकर विद्यार्थी काफी उत्साहित हैं। यह ऐसा मंच है, जहां फोटोग्राफरों और पेंटिंग कलाकारों को एक साथ लाकर उनकी कला को आम लोगों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश