home page

जयपुर दक्षिण में 19.45 लाख के मादक पदार्थ को किया नष्ट

 | 
जयपुर दक्षिण में 19.45 लाख के मादक पदार्थ को किया नष्ट


जयपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। जयपुर पुलिस दक्षिण ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में जब्त किए गए करीब 19 लाख 45 हजार 900 रुपए मूल्य के मादक पदार्थों का नियमानुसार नष्टीकरण कराया। औषधि व्ययन समिति, जयपुर दक्षिण की ओर से एनडीपीएस एक्ट की धारा 52ए के तहत यह कार्रवाई की गई।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि जिला दक्षिण के अशोक नगर, महेश नगर, मानसरोवर, मुहाना, श्याम नगर, नारायण विहार, सांगानेर सदर, ज्योति नगर और चाकसू थानों में दर्ज प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण कराया गया।

कार्रवाई के दौरान 8 किलो 918 ग्राम गांजा और 75 ग्राम स्मैक नष्ट की गई। इनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 19.45 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश