home page

चाइल्ड हेल्पलाइन ने एक घंटे में मां से मिलाया बिछड़ा बच्चा, नए बस स्टैंड के पास मिला था बालक

 | 
चाइल्ड हेल्पलाइन ने एक घंटे में मां से मिलाया बिछड़ा बच्चा, नए बस स्टैंड के पास मिला था बालक


डूंगरपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की टीम ने कोतवाली पुलिस के सहयोग से करीब 2-3 वर्ष के बिछड़े बालक को एक घंटे के भीतर उसकी मां से मिलवा दिया। बालक नए बस स्टैंड के पास नेहा पेट्रोल पंप पर मिला था।

सहायक निदेशक बाल अधिकारिता विभाग डॉ. कल्पित शर्मा ने बताया कि चाइल्ड हेल्पलाइन को बालक के मिलने की सूचना प्राप्त हुई। इस पर समन्वयक मेहुल शर्मा ने कोतवाली पुलिस को सूचित किया। इसके बाद केस सुपरवाइजर कमलेश जैन और बलदेव परमार ने मौके पर पहुंचकर बालक को सुरक्षित चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय पहुंचाया।

चाइल्ड हेल्पलाइन टीम और कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक घंटे के भीतर बालक के परिजनों का पता लगा लिया। बालक की मां मरियम, निवासी धरियावद ने बताया कि वह अपने बच्चे के साथ धरियावद से डूंगरपुर आ रही थीं। बस से उतरते समय बच्चा उनसे बिछड़ गया था। बालक की अग्रिम सहायता के लिए उसे बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष भावेश कुमार जैन तथा सदस्य बालकृष्ण परमार और जयश्री भट्ट के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति ने आवश्यक दस्तावेज का निरीक्षण करने के बाद बालक को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। मां से मिलकर बालक खुश हो गया। वहीं, मां मरियम ने भावुक होकर बाल अधिकारिता विभाग, चाइल्ड हेल्पलाइन टीम और पुलिस का आभार जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष