home page

गोपाष्टमी महोत्सव का सोमवार को होगा शुभारंभ, गौसेवा से जुड़े होंगे आयोजन

 | 
गोपाष्टमी महोत्सव का सोमवार को होगा शुभारंभ, गौसेवा से जुड़े होंगे आयोजन


बीकानेर, 15 नवंबर (हि.स.)। श्रीगंगानगर रोड स्थित कानासर फांटा के संत भावनाथ आश्रम गौशाला में सोमवार से तीन दिवसीय गोपाष्टमी महोत्सव का शुभारंभ होगा। महोत्सव मंगलवार तक चलेगा। इस दौरान गौसेवा, गोपूजन, धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

आश्रम से जुड़े प्रहलाद ओझा 'भैरूं' ने बताया कि महोत्सव के दौरान गौशाला में श्रमदान, गौसेवा संकल्प, गोकीर्ति पताका पूजन, गोमहत्व पर व्याख्यान, गोपूजन, गोश्रृंगार, रंगोली, दीपमाला और गोपुष्टि यज्ञ सहित विभिन्न आयोजन होंगे। इसके अलावा गोसेवादारों का सम्मान, गोपाल सहस्रनाम पाठ, गोस्तुति और भजन संकीर्तन भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोमवार को दीप प्रज्वलन और गो सम्मान कीर्ति पताका फहराने के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। आयोजन को लेकर आश्रम की ओर से प्रचार सामग्री जारी की गई है, जिसे आसपास के मंदिरों में लगाया जाएगा।

इस अवसर पर संत भावनाथ महाराज, ट्रॉमा सेंटर प्रभारी डॉ. कपिल पारीक, टाटा मोटर्स के धन सिंह चौधरी, मुरली जोशी, समाजसेवी सोहन महाराज उपाध्याय, आश्रम मंदिर के पुजारी विष्णु भाटी, गौशाला के सेवादार किशन गहलोत और मास्टर जगदीश राजपुरोहित सहित कई लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव