home page

गुड फ्राईडे: प्रभु यीशु के सात वचनों पर किया चिंतन

 | 
गुड फ्राईडे: प्रभु यीशु के सात वचनों पर किया चिंतन


जयपुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। ईसाई समुदाय ने शुक्रवार को गुड फ्राइडे का पर्व आस्था और विश्वास के साथ मनाया। इस अवसर पर शहर के प्रमुख चर्च सेंट जेवियर्स चर्च, सेंट एंड्रयूज चर्च, सेंट एंसल्म चर्च, सेंट जोसेफ चर्च, सेंट थॉमस चर्च, सेंट माइकल चर्च, सेंट मैरी चर्च, होली ट्रिनिटी चर्च, इमैनुएल चर्च और क्राइस्ट चर्च में विशेष प्रार्थना सभाओं और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सुबह से ही चर्चों में श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। विशेष प्रार्थना सभाओं में पादरियों ने प्रभु यीशु के क्रूस पर चढ़ाए जाने की घटना का वर्णन करते हुए उनके त्याग, क्षमा और प्रेम के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया। इस दौरान ‘क्रॉस वे’ (स्टेशंस ऑफ द क्रॉस) की परंपरा का पालन करते हुए श्रद्धालुओं ने प्रभु यीशु के अंतिम क्षणों को याद किया और उनके कष्टों को आत्मसात करने का प्रयास किया। राजधानी के सभी चर्चों में सादगीपूर्ण वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालु काले या सफेद वस्त्रों में पहुंचकर मौन रखकर प्रार्थना करते नजर आए। कई स्थानों पर उपवास और तपस्या का पालन करते हुए लोगों ने दिनभर प्रभु की आराधना की।

दोपहर के समय ‘तीन घंटे की विशेष प्रार्थना सभा’ आयोजित की गई, जिसमें प्रभु यीशु के सात वचनों पर चिंतन किया गया। पादरियों ने अपने संदेश में कहा कि गुड फ्राइडे हमें त्याग, सेवा, क्षमा और प्रेम का संदेश देता है तथा समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देने की प्रेरणा देता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश