home page

क्रीड़ा भारती की खेल कबड्डी खेल स्पर्धा का शुभारम्भ

 | 
क्रीड़ा भारती की खेल कबड्डी खेल स्पर्धा का शुभारम्भ


जयपुर, 18 जनवरी (हि.स.)। क्रीड़ा भारती जयपुर प्रांत के खेल कबड्डी खेल स्पर्धा का उद्घाटन कार्यक्रम उ.मा. आदर्श विद्या मंदिर राजा पार्क जयपुर के सभागार में रविवार को आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए क्रीड़ा भारती के क्षेत्र संयोजक मेघ सिंह चौहान ने बताया कि कबड्डी भारत का प्राचीन खेल है। 1936 में बर्लिन ओलम्पिक में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कबड्डी को प्रदर्शन मैच के रूप में खेला गया था तथा टीम को पदक भी दिया गया था।

भारत सरकार 2036 में ओलम्पिक खेल भारत में आयोजित करवाने का प्रयास कर रही है। कबड्‌डी के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्माण करने एवं 2036 के ओलम्पिक खेलों में कबड्‌डी सम्मिलित हो इसके लिए क्रीड़ा भारती, अखिल भारतीय स्तर पर प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में खेल कबड्‌डी खेल स्पर्धा आयोजित की जा रही है।

जयपुर प्रांत में यह स्पर्धा 18 जनवरी 2026 से 28 फरवरी 2026 तक आयोजित होंगी। स्पर्धा में महिला व पुरुषों की चार आयु वर्ग 10 से 14 वर्ष, 14 से 19 वर्ष, 19 से 35 वर्ष एवं 35 वर्ष से ऊपर की टीमें भाग लेंगी। केवल जयपुर महानगर में ही 17 स्थानों पर 500 से अधिक टीमें खेलेंगी। अतिथियों ने जयपुर महानगर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाली कबड्डी स्पर्धाओं के पोस्टर का विमोचन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी ओ पी नैयर ने बताया कि कबड्डी में दिल, दिमाग, दम और दौड़ एवं लचक रूपी 4D एवं 1L का मूल मंत्र है। ओ पी नैयर स्वयं राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने नशे से दूर रहने एवं साधारण आहार पर ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी बताया कि गोपाल सैनी , दारा सिंह और उनके जैसे अनेक खिलाड़ी साधारण परिवारों से ही निकले हैं। उन्होंने स्वयं भी इस स्पर्धा में खेलने की इच्छा व्यक्त की।

क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल सैनी ने अपने मार्गदर्शन में कहा कि कठिन परिश्रम करके ही मजबूत टीम बनाई जा सकती है। खिलाड़ियों को अधिक सुविधाएं नहीं मांगनी चाहिए बल्कि कठिन परिश्रम करना चाहिए। उद्घाटन कार्यक्रम में महिला व पुरु‌षों की 19 टीमें उपस्थित थी। कार्यक्रम के पश्चात सूरज मैदान में दिनभर स्पधायें आयोजित हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश