कोटा स्टेशन पर गूंजा देशभक्ति का संगीत, आरपीएफ बैंड ने बांधा समां
काेटा, 10 अगस्त (हि.स.)। 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारत सरकार एवं रेल मंत्रालय के निर्देशानुसार देश के 43 विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बैंड के विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कोटा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ बैंड द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत विशेष कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि कोटा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 स्थित बुकिंग गेट पर आयोजित कार्यक्रम में आरपीएफ बैंड, जबलपुर के जवानों ने राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान सहित विभिन्न देशभक्ति गीतों की सुमधुर धुनें प्रस्तुत कीं। बैंड की देशभक्ति धुनों से स्टेशन परिसर में उत्साह और देशप्रेम का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल के सहायक सुरक्षा आयुक्त प्रथम, कोटा, आरपीएफ के अधीनस्थ अधिकारी एवं स्टाफ तथा कोटा रेलवे स्टेशन के विभिन्न पर्यवेक्षक अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित यह कार्यक्रम यात्रियों एवं रेलवे कर्मचारियों के बीच देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने वाला रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

