कृषि और आयुर्वेद विवि के दीक्षांत समारोह शुक्रवार को
जोधपुर, 19 मार्च (हि.स.)। कृषि विश्वविद्यालय और डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह बीस मार्च को आयोजित होंगे। दोनों समारोह आयुर्वेद विवि के सुश्रुत सभागार में संपन्न होंगे।
कृषि विश्वविद्यालय के कुल सचिव समदर सिंह भाटी ने बताया कि विश्वविद्यालय का सप्तम दीक्षांत समारोह शुक्रवार को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के सुश्रुत सभागार में संपन्न होगा। दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल एवं कुलाधिपति हरिभाऊ किशनराव बागड़े करेंगे।
समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत होंगे। समारोह के दौरान अतिथियों की ओर से सावंत कुआ, बावड़ी स्थित डेयरी एवं खाद प्रौद्योगिकी महाविद्यालय व प्रौद्योगिकी एवं कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय जोधपुर के बॉयज एवं गल्र्स हॉस्टल का लोकार्पण व विश्वविद्यालय के विविध प्रकाशनों का विमोचन भी किया जाएगा।
403 उपाधियां प्रदान की जाएगी :
दीक्षांत समारोह में कुल 403 उपाधियां प्रदान की जाएगी। इनमें 327 स्नातक, 71 स्नातकोत्तर व 5 विद्यावाचस्पति की उपाधि शामिल होंगी। दीक्षांत समारोह में 15 गोल्ड मेडल दिए जाएंगे। इनमें 3 दान दाता स्वर्ण पदक भी शामिल होंगे। इस दौरान 10 विश्वविद्यालय योग्यता प्रमाण पत्र (मेरिट सर्टिफिकेट) भी दिए जाएंगे। इनमें 5 प्रमाण पत्र कृषि महाविद्यालय, 1 डेयरी एवं खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय व 4 कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय, जोधपुर के विद्यार्थियों को दिए जाएंगे।
मेधावी विद्यार्थियों को पांच स्वर्ण पदक दिए जाएंगे :
वहीं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के नौवें दीक्षांत समारोह में कुल 1391 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। साथ ही विभिन्न संकायों के मेधावी विद्यार्थियों को पांच स्वर्ण पदक भी प्रदान किए जाएंगे। स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में बीएएमएस में मनीषा कुमारी, बीएचएमएस में पूजा विजयवर्गीय, बीयूएमएस में निदा खान, बीएनवाईएस में आशना जांगिड़ तथा बीएससी नर्सिंग आयुर्वेद में ब्रजभूषण सिंह तंवर शामिल हैं। दी जाने वाली उपाधियों में पीएचडी आयुर्वेद की 16, एमडी-एमएस आयुर्वेद की 133, एमडी होम्योपैथी की 12, बैचलर ऑफ आयुर्वेद की 709, बैचलर ऑफ होम्योपैथी की 236, बैचलर ऑफ यूनानी की 108, बैचलर ऑफ योग एवं नेचुरोपैथी की 114 तथा बीएससी नर्सिंग आयुर्वेद की 63 उपाधियां शामिल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

