home page

किताबी ज्ञान से आगे औद्योगिक दुनिया का भ्रमण करेंगे भावी फूड टेक्नोलॉजिस्ट

 | 
किताबी ज्ञान से आगे औद्योगिक दुनिया का भ्रमण करेंगे भावी फूड टेक्नोलॉजिस्ट


डेयरी व खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय का 10 दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण शुरू

जोधपुर, 25 नवम्बर (हि.स.)। कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर के संघटक डेयरी एवं खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के बी.टेक. (डेयरी टेक्नोलॉजी एवं फूड टेक्नोलॉजी) तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों का 10 दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण बुधवार को शुरू हुआ। आईसीएआर की छठी डीन समिति के पाठ्यक्रम दिशानिर्देशों के तहत आयोजित यह महाविद्यालय का पहला शैक्षणिक दौरा है। विश्वविद्यालय के कुलगुरु वी.एस. जैतावत ने बस को हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों के दल को रवाना किया।

इस मौके पर कुलगुरु प्रोफेसर जैतावत ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोडऩे और उनके भावी करियर को सही दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान सभी विद्यार्थी अनुशासन और समय की पाबंदी का विशेष ध्यान रखें तथा शिक्षकों के निर्देशों का पालन करें। आप जिन भी संस्थानों और उद्योगों में जाए, वहां के नियमों का सम्मान करें और अपने स्वास्थ्य व सुरक्षा के प्रति सजग रहते हुए इस अवसर का भरपूर लाभ उठाए। इस अवसर पर महाविद्यालय की विशेषाधिकारी डॉ. नलिनी रामावत सहित संकाय सदस्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस दौरान डॉ रामावत ने बताया कि इस 10 दिवसीय भ्रमण के दौरान विद्यार्थी राजस्थान और गुजरात के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों, अनुसंधान केंद्रों और औद्योगिक इकाइयों की कार्यप्रणाली को समझेंगे। विद्यार्थी दूध संग्रहण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग, विपणन और आधुनिक स्वचालित संयंत्रों को प्रत्यक्ष रूप से देखेंगे। इसके साथ ही वे खाद्य सुरक्षा मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण, प्रयोगशाला परीक्षण, मूल्य संवर्धन, अपशिष्ट प्रबंधन, कटाई उपरांत प्रौद्योगिकी और जैव-ऊर्जा जैसे उभरते क्षेत्रों की व्यावहारिक समझ विकसित करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश