home page

कानोता बांध में मिट्टी भरकर अतिक्रमण का आरोप, विभाग ने काम रुकवाया

 | 
कानोता बांध में मिट्टी भरकर अतिक्रमण का आरोप, विभाग ने काम रुकवाया


जयपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। जयपुर के कानोता बांध क्षेत्र में मिट्टी भरकर जमीन तैयार किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सुमेल रोड पर जेडीए की ओर से बनाए गए वायर क्रेट्स पुलिया के पास ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और जेसीबी की मदद से बांध क्षेत्र में दिन-रात मिट्टी डाली जा रही है। उनका दावा है कि अब तक करीब एक बीघा भूमि पर मिट्टी भरकर जमीन तैयार की जा चुकी है और बांध के पानी वाले क्षेत्र में भी मिट्टी भरने का काम जारी है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कानोता बांध की जमीन पर पहले भी अतिक्रमण कर प्लॉट और फार्म हाउस विकसित किए गए हैं। बांध की सुरक्षा और अतिक्रमण रोकने के लिए गार्ड तैनात होने के बावजूद लगातार अतिक्रमण होने पर उन्होंने जलसंसाधन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

जलसंसाधन विभाग के एईएन रवि खोलिया ने बताया कि हाल में सुमेल रोड के नजदीक कानोता बांध में मिट्टी भरने की शिकायत मिली थी। विभागीय टीम मौके पर पहुंची तो कुछ वाहन और मजदूर काम करते मिले। मजदूरों से पूछताछ की गई, लेकिन उन्होंने मिट्टी भरने का काम कौन करवा रहा है, इसकी जानकारी होने से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि मौके पर काम रुकवा दिया गया है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग की ओर से काम रुकवाने के दावे के बावजूद मौके पर मिट्टी भरने का काम जारी है। उनका आरोप है कि विभागीय कार्रवाई के बाद भी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों की आवाजाही बनी हुई है तथा जमीन भरने का काम तेजी से किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने कानोता बांध पर तैनात विभागीय कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अतिक्रमण कराने में मिलीभगत की जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। विभाग की ओर से एईएन के अलावा अन्य आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं हो सकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश