कल्पवृक्ष की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना
अजमेर, 12 अगस्त(हि.स.)। हरियाली अमावस्या के मौके पर बुधवार को मांगलियावास में आयोजित ऐतिहासिक धार्मिक कल्पवृक्ष मेले में एक लाख से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने कल्पवृक्ष के पवित्र जोड़े की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की और मनौतियां मांगी।
बुधवार तड़के से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। मान्यता है कि हरियाली अमावस्या के दिन इन पवित्र वृक्षों के नीचे सच्चे मन से की गई कामना पूर्ण होती है। श्रद्धालुओं ने राजा, रानी और राजकुमार के पवित्र वृक्षों को शुद्ध जल से सींचकर कुमकुम, रोली, अक्षत, मिष्ठान, नारियल और वस्त्र अर्पित कर पूजा-अर्चना की। कुंवारी कन्याओं ने अच्छे वर की कामना की, जबकि सुहागिन महिलाओं ने पति की दीर्घायु और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की। श्रद्धालुओं द्वारा मौली बांधने से वृक्षों के तने ढक गए और पूजा सामग्री का ढेर लग गया। इस अवसर पर दर्शनीय स्थल राधा-कृष्ण हनुमान मंदिर में प्रतिमाओं का विशेष श्रृंगार किया गया। कल्पवृक्ष की पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने मेले में लगे गगनचुंबी झूलों और चकरी का आनंद लिया। मेले में मिठाई, चाट, पकौड़ी और आइसक्रीम की दुकानों पर भी दिनभर भीड़ रही। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ब्यावर अजमेर डिपो की ओर से मेला स्पेशल बसें चलाई गई। चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आयुर्वेद विभाग के उप स्वास्थ्य केंद्र पर अतिरिक्त स्टाफ तैनात कर मरीजों का उपचार किया गया। मेले में नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा, नसीराबाद विधानसभा प्रत्याशी रहे शिवप्रकाश गुर्जर, पीसांगन प्रधान दिनेश नायक, सीआर प्रदीप वाल्मीकि, ब्रिकचियावास सरपंच भैरूलाल धांधड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीसांगन बीडीओ साजिया तबस्सुम, ग्राम विकास अधिकारी रमेश चौधरी, मांगलियावास थानाधिकारी हरीश चौधरी सहित पीसांगन, नसीराबाद, गेगल और पुलिस लाइन का जाब्ता तैनात रहा। मेले के आयोजन में सरपंच दुर्गेद्र सिंह राठौड़, कल्पवृक्ष धाम संस्था अध्यक्ष रामदेव पूनिया, उपाध्यक्ष रामदेव गुर्जर, सचिव छोटूलाल जाखड़, उपसरपंच शंकरलाल पूनिया, मंडल अध्यक्ष संजय सोनी, वार्डपंच कंचन देवी, सुमेर औलानिया, कनिष्ठ सहायक निहाल सिंह, मनीष पूनिया, शिवजीराम, पंचायत सहायक जितेंद्र गैना सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

