home page

ओवरचार्जिंग की शिकायतों पर रेलवे सख्त, दो मामलों में कड़ी कार्रवाई

 | 
ओवरचार्जिंग की शिकायतों पर रेलवे सख्त, दो मामलों में कड़ी कार्रवाई


जोधपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। यात्रियों से निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलने और बकाया राशि वापस नहीं करने की शिकायतों पर जोधपुर मंडल रेल प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। दो अलग-अलग मामलों में संबंधित जिम्मेदारों पर जुर्माना लगाने के साथ अनुबंध के तहत कार्रवाई की गई।

पहली शिकायत के अनुसार जोधपुर स्टेशन पर वाटर वेंडिंग मशीन संचालक ने यात्री से निर्धारित 8 रुपए के बजाय 10 रुपए वसूले। यात्री शिकायत की तत्काल जांच कर मामले का सत्यापन किया गया। इसके बाद संबंधित ठेकेदार पर 3 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। इसी प्रकार रामदेवरा स्टेशन पर ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन फैसिलिटेटर ने यात्री को टिकट खरीदने के बाद 5 रुपए का बकाया वापस नहीं किया। फैसिलिटेटर ने छुट्टे पैसे उपलब्ध नहीं होने की बात कही।

प्रथम उल्लंघन के मामले में अनुबंध की शर्तों के अनुसार एक हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया तथा संबंधित फैसिलिटेटर का कार्ड दो दिन के लिए निलंबित कर दिया गया। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि यात्रियों से ओवरचार्जिंग की शिकायतों पर रेल प्रशासन की ओर से तत्काल कार्रवाई की जा रही है। स्टॉल संचालकों और संबंधित कर्मचारियों को निर्धारित दरों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। साथ ही, शिकायत मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश