home page

ऑपरेशन नीलकंठ : नशा तस्करों पर बीकानेर पुलिस का शिकंजा, 3.20 करोड़ की अवैध संपत्ति फ्रीज

 | 
ऑपरेशन नीलकंठ : नशा तस्करों पर बीकानेर पुलिस का शिकंजा, 3.20 करोड़ की अवैध संपत्ति फ्रीज


ऑपरेशन नीलकंठ : नशा तस्करों पर बीकानेर पुलिस का शिकंजा, 3.20 करोड़ की अवैध संपत्ति फ्रीज


ऑपरेशन नीलकंठ : नशा तस्करों पर बीकानेर पुलिस का शिकंजा, 3.20 करोड़ की अवैध संपत्ति फ्रीज


ऑपरेशन नीलकंठ : नशा तस्करों पर बीकानेर पुलिस का शिकंजा, 3.20 करोड़ की अवैध संपत्ति फ्रीज


बीकानेर, 20 अगस्त (हि.स.)। बीकानेर पुलिस द्वारा जिले में संगठित अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी एवं नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ 20 लाख 90 हजार 609 रुपये मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार, कार्रवाई के दौरान मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित आय से बनाई गई संपत्तियों और बैंक खातों की पहचान कर सक्षम प्राधिकारी से आदेश प्राप्त किए गए। इसके तहत सदर थाना क्षेत्र में सत्तार अली उर्फ सत्तार की आवासीय संपत्तियां, शहजाद के बैंक खातों एवं नकद राशि, फिरोज उर्फ जग्गू की कृषि भूमि, मेहरू निशां की आवासीय संपत्तियां तथा रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में पूनमचंद और प्रेमसुख की संपत्तियां व वाहन फ्रीज किए गए हैं। इनमें मेहरू निशां की संपत्तियों की कुल कीमत करीब 1 करोड़ रुपये, पूनमचंद की संपत्तियों की करीब 1.48 लाख रुपये तथा अन्य संपत्तियों को मिलाकर कुल 3 करोड़ 20 लाख 90 हजार 609 रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई है।

बीकानेर पुलिस द्वारा 08 अप्रैल 2026 से 19 अगस्त 2026 तक चलाए गए अभियान के दौरान 214 प्रकरणों में 266 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 3 नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए हैं, जिनमें 23.781 किलोग्राम हेरोइन, 772.63 ग्राम स्मैक, 13.132 किलोग्राम अफीम, 7.482 किलोग्राम गांजा, 890.86 किलोग्राम डोडा, 199.94 ग्राम एमडीएमए, 431.10 ग्राम एमडी तथा 54,010 कैप्सूल शामिल हैं। इसके अलावा मादक पदार्थों की बिक्री से प्राप्त 64 लाख 8 हजार 915 रुपये की राशि भी जब्त की गई है। कार्रवाई के दौरान कार, ट्रक-ट्रेलर, स्कॉर्पियो, मोटरसाइकिल, कैंपर, बोलेरो, थार, फॉर्च्यूनर सहित अन्य वाहन तथा अवैध हथियार व कारतूस भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस ने मादक पदार्थों एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ भी अभियान तेज किया है। अब तक कई हिस्ट्रीशीटर एवं आदतन अपराधियों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण हटाए गए हैं।

मुक्ताप्रसाद नगर थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर सीताराम द्वारा किए गए अवैध निर्माण को हटाया गया। वहीं भुट्टों का बास क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की गई। पूनकरनसर में हिस्ट्रीशीटर कालूनाथ द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए कब्जे को प्रशासन के सहयोग से हटाकर भूमि को कब्जा मुक्त करवाया गया। जामसर क्षेत्र में भी आम रास्ते पर किए गए अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की गई।

जिला ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी द्वारा अब तक 355 अभियोगों में जब्त मादक पदार्थ, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 40 करोड़ 47 लाख 79 हजार रुपये थी, को नियमानुसार नष्ट किया गया है। इसके अतिरिक्त 64 अभियोगों में जब्त करीब 44.698 किलोग्राम अवैध अफीम को भी नियमानुसार जमा करवाया गया है।

बीकानेर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ आमजन को जागरूक करने के लिए भी लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस थानों द्वारा बैठकें आयोजित कर युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए कुश्ती, दंगल एवं अन्य खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के माध्यम से महिला चौपालों का आयोजन कर महिलाओं को भी नशे के खिलाफ जागरूक किया जा रहा है। विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी, स्कूल-कॉलेजों एवं सरकारी कार्यालयों में व्याख्यान और सेमिनार आयोजित कर जागरूकता अभियान को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।

जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने आमजन से अपील की है कि नशे के कारोबार और संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस के अभियान में सक्रिय सहयोग करें। मादक पदार्थ तस्करों अथवा उनकी अवैध गतिविधियों से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी पुलिस के साथ साझा करें, ताकि युवाओं को नशे के जाल से बचाया जा सके।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हेल्पलाइन अथवा पुलिस को सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। नशे के खिलाफ “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव