उपनिवेशन मंत्री का भूमि आवंटन सलाहकार समिति की बैठक पर रोक से इनकार
जयपुर, 09 मार्च (हि.स.)। उपनिवेशन मंत्री हेमंत मीणा ने सोमवार को विधानसभा में स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ने भूमि आवंटन सलाहकार समिति की बैठकों पर कोई रोक नहीं लगाई है।
उन्होंने कहा कि नियमानुसार सामान्य भूमि आवंटन के मामलों में भूमि आवंटन सलाहकार समिति की बैठक आवश्यक होती है, जबकि स्मॉल और मीडियम पैच के आवंटन के लिए इसकी आवश्यकता नहीं होती।
प्रश्नकाल के दौरान विधायक सोहनलाल नायक द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों के जवाब में मंत्री ने कहा कि भूमि का आवंटन निर्धारित नियमों के अनुसार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि स्मॉल पैच भूमियों के आवंटन की प्रक्रिया भी बंद नहीं है। उपनिवेशन मंत्री ने जानकारी दी कि रायसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र में दिसंबर 2023 से दिसंबर 2025 के बीच कुल 8 स्मॉल पैच भूमियों का आवंटन किया गया है।
इससे पहले विधायक सोहन लाल नायक के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में मंत्री ने बताया कि रायसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र में दिसंबर 2023 से दिसंबर 2025 की अवधि के दौरान भूमि आवंटन सलाहकार समिति की कोई बैठक आयोजित नहीं की गई।
मंत्री ने इस दौरान गंग कैनाल प्रोजेक्ट तथा इंदिरा गांधी कैनाल प्रोजेक्ट क्षेत्र में स्मॉल पैच भूमि आवंटन से संबंधित प्रचलित नियमों की प्रति भी सदन की मेज पर रखी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

