home page

उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के विरोध में जयपुर में सड़क पर उतरे युवा कांग्रेस कार्यकर्ता

 | 
उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के विरोध में जयपुर में सड़क पर उतरे युवा कांग्रेस कार्यकर्ता


जयपुर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। एआई समिट के दौरान अर्धनग्न प्रदर्शन के मामले में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी को लेकर विरोध तेज हो गया है। देश के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन के बीच राजधानी जयपुर में भी युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया।

मंगलवार को कार्यकर्ता राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय के बाहर एकत्रित हुए। यहां से वे नारेबाजी करते हुए भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ने लगे। लेकिन पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोक दिया। इसके बाद नाराज कार्यकर्ता सड़क पर ही बैठ गए और अर्धनग्न प्रदर्शन करने लगे। स्थिति को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।

इस पूरे मामले को लेकर अशोक गहलोत और गोविंद सिंह डोटासरा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध लोकतंत्र का अधिकार है और इसे दबाने की कोशिश उचित नहीं है। नेताओं ने अमेरिका के साथ हुए व्यापारिक समझौते को लेकर किसानों, टेक्सटाइल उद्योग और डेटा सुरक्षा के हित प्रभावित होने की भी बात कही। वहीं युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष व विधायक अभिमन्यु पूनिया ने कहा कि देश के युवाओं और किसानों के मुद्दों को उठाने पर कार्रवाई करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। पूनिया ने चेतावनी दी कि यदि आवश्यकता पड़ी तो युवा कांग्रेस आगे भी आंदोलन तेज करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश