home page

अलवर में पंचायत चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को, सुबह आठ बजे से शुरू होगी गणना

 | 
अलवर में पंचायत चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को, सुबह आठ बजे से शुरू होगी गणना


अलवर, 16 नवंबर (हि.स.)। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के तहत अलवर जिले में जिला परिषद और 11 पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए मतगणना 20 नवंबर को होगी। मतगणना सुबह आठ बजे से बाबू शोभाराम राजकीय कला महाविद्यालय परिसर में निर्धारित कक्षों में कराई जाएगी। जिला प्रशासन ने मतगणना को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि मतगणना दो चरणों में होगी। पहले चरण में सुबह आठ बजे से 11.30 बजे तक पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन क्षेत्रों के मतों की गणना की जाएगी। इसके बाद दोपहर 12.15 बजे से जिला परिषद सदस्य निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना शुरू होगी, जो समाप्ति तक जारी रहेगी।

उन्होंने बताया कि मतगणना कार्य में नियोजित सरकारी कार्मिकों को सुबह सात बजे तक मतगणना स्थल पर पहुंचना होगा, जबकि अभ्यर्थियों एवं उनके गणना अभिकर्ताओं के लिए प्रवेश सुबह 6.30 बजे से शुरू होगा। डाक मतपत्रों की गणना उप महानिरीक्षक पंजीयन एवं मुद्रांक द्वितीय के निर्देशन में की जाएगी।

जिला प्रशासन ने 11 पंचायत समितियों के लिए अलग-अलग मतगणना कक्ष और टेबल निर्धारित की हैं। रामगढ़ के लिए कक्ष संख्या 27 में आठ टेबल, कठूमर के लिए कक्ष संख्या एक में 11 टेबल, खेड़ली-सौंखर के लिए कक्ष संख्या 18 में आठ टेबल और गोविंदगढ़ के लिए कक्ष संख्या नौ में आठ टेबल निर्धारित की गई हैं।

इसी प्रकार मुबारिकपुर के लिए कक्ष संख्या 20 में आठ, रैणी के लिए कक्ष संख्या चार में 11, उमरैण के लिए कक्ष संख्या 101 में 11, मालाखेड़ा के लिए कक्ष संख्या 103 में 11, लक्ष्मणगढ़ के लिए कक्ष संख्या 120 में नौ, राजगढ़ के लिए कक्ष संख्या 127 में 11 तथा थानागाजी के लिए कक्ष संख्या 118 में 11 टेबल पर मतगणना होगी।

मतगणना स्थल पर भीड़ और अव्यवस्था रोकने के लिए अलग-अलग श्रेणियों के लिए प्रवेश द्वार निर्धारित किए गए हैं। सरकारी कार्मिकों को खेल मैदान के दक्षिणी द्वार गेट नंबर तीन से, मतगणना से जुड़े अधिकारियों को मुख्य प्रवेश द्वार गेट नंबर दो से तथा अभ्यर्थियों एवं उनके गणना अभिकर्ताओं को मैदान परिसर के गेट नंबर चार से प्रवेश दिया जाएगा। मीडियाकर्मियों के लिए महाविद्यालय के दक्षिणी दिशा में ओवरब्रिज के सामने स्थित गेट नंबर एक निर्धारित किया गया है। उनके लिए कमरा नंबर 31 में मीडिया कक्ष बनाया गया है।

प्रशासन ने वाहनों की पार्किंग के लिए भी अलग-अलग स्थान तय किए हैं। सरकारी कार्मिकों के वाहन गेट नंबर तीन के सामने खुले मैदान में, अधिकारियों के वाहन गेट नंबर दो के सामने खुले मैदान में और मीडियाकर्मियों के वाहन गेट नंबर एक के सामने टेनिस कोर्ट में खड़े होंगे। वहीं अभ्यर्थियों एवं उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं के वाहनों की पार्किंग दशहरा मैदान में निर्धारित की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार