अजमेर में सीएम भजनलाल का रोड-शो रविवार को, चुनाव मैदान में 360 उम्मीदवार
अजमेर, 05 सितंबर (हि.स.)। नगर निगम में पार्षद के लिए वोटिंग 11 सितम्बर को होगी। चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। वे घर घर जाकर वोट व समर्थन मांग रहे हैं। प्रत्याशियों की ओर से आम सभा, रैली, लाउडस्पीकर, वाहन संबंधी अनुमति के लिए अतिरिक्त जिला कलेक्टर सिटी के कार्यालय में आवेदन किए जा रहे है।
भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा रविवार को रोड-शो करेंगे। इसके बाद कार्यकर्ताओं से संवाद भी करेंगे। वहीं कांग्रेस आज घोषणा पत्र जारी करेंगी।
वहीं दूसरी ओर भाजपा-कांग्रेस ने अपनी पार्टी के बागियों को चेतावनी दी है कि वे पार्टी प्रत्याशी का समर्थन करें, नहीं तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के साथ 6 साल के लिए निस्कासन किया जाएगा।
नगर निगम चुनाव से पहले कांग्रेस में टिकट वितरण को लेकर चल रही नाराजगी शुक्रवार रात नौसर गांव में खुलकर सामने आ गई। आरटीडीसी के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ को यहां कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। मामला वार्ड-1 का है। राठौड़ कांग्रेस प्रत्याशी शैलेंद्र अग्रवाल के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के लिए नौसर पहुंचे थे।
बता दें कि अजमेर नगर निगम के पार्षद चुनाव में 80 सीटों पर 360 कैंडिडेट्स मैदान में है। इसमें भाजपा के 79 व कांग्रेस के 77 उम्मीदवार है। कुल 204 कैंडिडेट्स अन्य पार्टी से व निर्दलीय है। 10 वार्ड (वार्ड संख्या 12, 23, 29, 59, 60, 61, 65, 67, 69, 71) में सीधा मुकाबला है, वहीं 18 वार्ड में त्रिकोणिय मुकाबला है।
कांग्रेस से 47 और भाजपा से 19 बागी चुनाव मैदान में डटे हुए हैं। सबसे ज्यादा 52 कैंडिडेट्स वार्ड संख्या 12 में है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

