home page

जिंक अपशिष्ट निस्तारण विवाद में प्रशासन की पहल, जिला कलेक्टर ने तुड़वाया अनशन

 | 
जिंक अपशिष्ट निस्तारण विवाद में प्रशासन की पहल, जिला कलेक्टर ने तुड़वाया अनशन


चित्तौड़गढ़, 11 जून (हि.स.)। बड़ीसादड़ी क्षेत्र में जिंक अपशिष्ट पदार्थ एवं मलबा निस्तारण को लेकर चल रहे विवाद के बीच जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने गुरुवार को संबंधित क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर अधिकारियों, हिंदुस्तान जिंक के प्रतिनिधियों और संघर्ष समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर समस्या के समाधान पर विस्तृत चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने जिंक अपशिष्ट एवं मलबा निस्तारण की समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। बैठक के दौरान संघर्ष समिति के सदस्यों के साथ सकारात्मक वार्ता हुई, जिसके बाद सहमति बनने पर आंदोलनरत सदस्यों ने अपना अनशन समाप्त कर दिया। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने अनशनरत सदस्यों को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने प्रशासन की पहल का स्वागत करते हुए जिला कलक्टर का आभार व्यक्त किया।

डॉ. मंजू ने कहा कि प्रशासन विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए संवाद और समन्वय की भावना के साथ कार्य करता रहेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर (भू-अभिलेख) रामचंद्र खटीक, उपखंड अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा, तहसीलदार, हिंदुस्तान जिंक के अधिकारी तथा संघर्ष समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल