home page

राजस्थान में जिला प्रमुख चुनाव: 8 जिलों में जोड़तोड़ का खेल, 23 पर कांग्रेस का पलड़ा भारी

 | 
राजस्थान में जिला प्रमुख चुनाव: 8 जिलों में जोड़तोड़ का खेल, 23 पर कांग्रेस का पलड़ा भारी


जयपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में पंचायत चुनाव के बाद अब जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। प्रदेश की 37 जिला परिषदों में बुधवार को जिला प्रमुख का चुनाव होगा। चुनावी गणित में कांग्रेस का पलड़ा फिलहाल भारी नजर आ रहा है। 37 में से 23 जिला परिषदों में कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत है, जबकि भाजपा को केवल 5 जिलों में स्पष्ट बहुमत मिला है।

नागौर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने बहुमत हासिल कर जिला प्रमुख की कुर्सी लगभग पक्की कर ली है। वहीं 8 जिलों में किसी भी दल को बहुमत नहीं मिलने से मुकाबला सबसे ज्यादा रोचक हो गया है।

इन आठ जिलों में अब बहुमत का आंकड़ा जुटाने के लिए राजनीतिक जोड़तोड़ शुरू हो गई है। निर्दलीय जिला परिषद सदस्य और दूसरे दलों के सदस्य यहां सत्ता की चाबी बन गए हैं। यही कारण है कि चुनाव से पहले ही सदस्यों की बाड़ाबंदी और उन्हें अपने पक्ष में करने की कोशिशों ने प्रदेश की सियासत को गर्म कर दिया है।

जिला प्रमुख के चुनाव के लिए बुधवार सुबह 10 बजे जिला परिषद सदस्यों की बैठक होगी। सुबह 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे।

इसके बाद 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी और दोपहर 1 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा और मतदान समाप्त होते ही मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। यानी जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए सुबह शुरू होने वाला सियासी मुकाबला शाम तक अपना फैसला सुना देगा।

चुनावी गणित में कांग्रेस सबसे मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है। पार्टी के पास 23 जिला परिषदों में स्पष्ट बहुमत है। भाजपा केवल पांच जिला परिषदों में अपने दम पर बहुमत के आंकड़े तक पहुंची है। वहीं नागौर में आरएलपी का बहुमत है।

सबसे बड़ा खेल उन आठ जिलों में होना है, जहां किसी भी दल के पास बहुमत नहीं है। यहां निर्दलीय सदस्य किंगमेकर की भूमिका में हैं। भाजपा ने ऐसे जिलों में अल्पमत को बहुमत में बदलने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है, जबकि कांग्रेस भी अपने सदस्यों को एकजुट रखने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है।

बालोतरा, बांसवाड़ा, डीडवाना-कुचामन, डीग, डूंगरपुर, खैरथल-तिजारा, प्रतापगढ़ और सलूंबर में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। इन जिलों में एक-एक सदस्य का समर्थन जिला प्रमुख की कुर्सी का फैसला बदल सकता है। यही वजह है कि इन जिलों पर भाजपा और कांग्रेस दोनों की विशेष नजर है। कौन सा सदस्य किस खेमे में जाता है और अंतिम समय में किसे समर्थन देता है, इसका असर सीधे जिला प्रमुख के चुनाव परिणाम पर पड़ेगा।

जिला प्रमुख चुनाव से पहले कांग्रेस ने भाजपा पर सदस्यों को अपने पक्ष में करने के लिए प्रलोभन, खरीद-फरोख्त और पुलिस-प्रशासन के दुरुपयोग के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस ने भरतपुर में तीन जिला परिषद सदस्यों को कथित रूप से उठा ले जाने का आरोप भी लगाया है।

भाजपा की ओर से इन आरोपों को राजनीतिक बयानबाजी बताया गया है। दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब असली परीक्षा मतदान के दिन होगी।

पंचायतीराज चुनावों में दलबदल विरोधी कानून लागू नहीं होने के कारण जिला प्रमुख चुनाव का गणित और पेचीदा हो जाता है। जिला परिषद सदस्य किसी दूसरे दल के पक्ष में मतदान कर सकते हैं और पार्टी बदलने पर उनकी सदस्यता समाप्त नहीं होती। पार्टी व्हिप भी प्रभावी नहीं होता। इसी वजह से जिला प्रमुख के चुनाव में पार्टी के आंकड़ों से ज्यादा महत्वपूर्ण अंतिम समय का समर्थन बन जाता है।

कई बार बहुमत नहीं होने के बावजूद राजनीतिक जोड़तोड़ के जरिए उम्मीदवार जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंच जाता है।

चूरू का जिला प्रमुख चुनाव भाजपा की राजनीति के लिहाज से खास माना जा रहा है। वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ की पुत्रवधू कनिका सिंह जिला प्रमुख पद की दावेदारों में हैं। ऐसे में चूरू का परिणाम राठौड़ की राजनीतिक पकड़ और प्रभाव से जोड़कर देखा जा रहा है। कनिका सिंह की जीत भाजपा के लिए महज जिला प्रमुख का चुनाव नहीं होगी, बल्कि इसे राठौड़ के राजनीतिक प्रभाव और सियासी वापसी के लिहाज से भी देखा जाएगा।

राजस्थान के सियासी नक्शे में नागौर सबसे अलग तस्वीर पेश कर रहा है।

यहां राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिला है। ऐसे में नागौर में जिला प्रमुख आरएलपी का बनना लगभग तय माना जा रहा है। अब निगाहें उन आठ जिलों पर हैं, जहां बहुमत का आंकड़ा किसी एक दल के पास नहीं है। बुधवार को होने वाला जिला प्रमुख चुनाव इसलिए महज पद का चुनाव नहीं, बल्कि पंचायत स्तर पर भाजपा-कांग्रेस की राजनीतिक ताकत का बड़ा शक्ति परीक्षण माना जा रहा है। 37 जिला परिषदों की कुर्सियों का फैसला यह भी बताएगा कि पंचायत चुनाव के बाद किस दल ने अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत की और कहां अंतिम समय की सियासी बाजी ने पूरा गणित पलट दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित