16 अगस्त को होगा ‘युवा शंखनाद महाखेल सम्मेलन’
डूंगरपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। युवाओं को मोबाइल और सोशल मीडिया की आभासी दुनिया से निकालकर मैदानी खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से 16 अगस्त को आयोजित होने वाले ‘युवा शंखनाद महाखेल सम्मेलन’ की तैयारियों को लेकर स्थानीय संघ कार्यालय में समन्वय बैठक आयोजित की गई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में आयोजित बैठक में जिले के 40 से 45 समाजों के अध्यक्षों और प्रतिनिधियों ने भाग लेकर सम्मेलन में सहयोग का भरोसा जताया।
बैठक में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, विद्यालय एवं महाविद्यालय संचालकों, छात्रावास प्रबंधन, जिम और अखाड़ों के संचालकों, युवा शिक्षकों तथा प्राध्यापकों ने भी भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए भूपेश ओदिच्य ने समाज प्रमुखों से अपने-अपने समाज के युवाओं को महाखेल सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। इस दौरान विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों से संभावित प्रतिभागियों की संख्या की जानकारी भी साझा की। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में युवा सोशल मीडिया, रील्स और शॉर्ट्स की दुनिया में अधिक समय व्यतीत कर रहे हैं, जिससे उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि महाखेल सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं में पारंपरिक खेलों के माध्यम से अनुशासन, साहस, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

