home page

जमानत देने आया युवक का बदमाशों ने किया फिल्मी स्टाइल में अपहरण

 | 
जमानत देने आया युवक का बदमाशों ने किया फिल्मी स्टाइल में अपहरण


जयपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। बनीपार्क थाना इलाके में सोमवार को फिल्मी स्टाइल में एक युवक के अपहरण का मामला सामने आया है। रंजिश के चलते परिचितों ने युवक को कलेक्ट्री परिसर के बाहर से जबरन कार में डालकर अगवा कर लिया और मारपीट करने के बाद सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गए।

थानाधिकारी मनोज कुमार बेरवाल ने बताया कि जयसिंहपुरा खोर निवासी महेन्द्र सैनी (25) अपने रिश्तेदारों की जमानत के लिए 26 अप्रैल को कलेक्ट्री आया था। उसके रिश्तेदारों का पड़ोसियों से विवाद होने पर पुलिस ने उन्हें शांतिभंग में गिरफ्तार किया था।

शाम करीब 5:30 बजे महेन्द्र पानी भरने के लिए बाहर निकला, तभी दूसरे पक्ष के 4-5 लोग उसके पीछे आ गए। कहासुनी के बाद आरोपिताें ने उसका पीछा कर कलेक्ट्री के गेट नंबर-1 के पास पकड़ लिया और मारपीट करते हुए जबरन कार में पटक कर ले गए। चलती कार में भी उसके साथ मारपीट की गई। इधर परिजनों द्वारा पुलिस को सूचना देने और कार्रवाई की भनक लगने पर आरोपित युवक को जयसिंहपुरा खोर थाना क्षेत्र के बाहर सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर बनी पार्क थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपिताें की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश