home page

कार-बाइक की भीषण टक्कर में युवक की मौत, हादसे के बाद कार में लगी आग

 | 
कार-बाइक की भीषण टक्कर में युवक की मौत, हादसे के बाद कार में लगी आग


जैसलमेर, 19 जुलाई (हि.स.)। जिले के मोहनगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार रात कार और बाइक की भीषण भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार करीब 20 फीट तक हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरा। हादसे के बाद बाइक कार के अगले हिस्से में फंस गई, जिससे शॉर्ट सर्किट होने पर कार में आग लग गई। आग लगते ही कार के तीन दरवाजे ऑटोमैटिक लॉक हो गए, लेकिन पीछे का एक दरवाजा खुल जाने से कार में सवार तीन लोगों की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार रामगढ़ निवासी पंकज सोनी अपनी स्विफ्ट कार से जैसलमेर से बोहा गांव में एक ग्राहक को सोने का गहना देकर वापस लौट रहे थे। उनके साथ मोतीलाल सोनी और महेंद्र सोनी भी कार में सवार थे। शनिवार रात बोहा और नेहड़ाई गांव के बीच सामने से आ रही एक बाइक से उनकी कार की भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद बाइक कार के बोनट में फंस गई और वाहन में आग लग गई।

कार चालक पंकज सोनी ने बताया कि आग लगते ही कार के तीन दरवाजे लॉक हो गए। काफी प्रयास के बाद एक दरवाजा खुला, जिससे तीनों युवक बाहर निकलने में सफल रहे। हादसे में कार सवार मोतीलाल सोनी के सिर पर चोट आई, जबकि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

घटना के बाद कार सवारों ने घायल युवक की मदद करने का प्रयास किया। इसी दौरान युवक के पास गिरे मोबाइल पर उसके परिजनों का फोन आया। कॉल रिसीव कर हादसे की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही नेहड़ाई गांव से परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान 28 वर्षीय फकीरा राम भील निवासी नेहड़ाई के रूप में हुई।

सूचना पर नेहड़ाई चौकी प्रभारी देवी सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और परिजनों की मदद से युवक को जैसलमेर के राजकीय जवाहिर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

हादसे में स्विफ्ट कार और बाइक दोनों आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गए। मोहनगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित