home page

अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, रातभर सडक़ किनारे पड़ा रहा शव

 | 
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, रातभर सडक़ किनारे पड़ा रहा शव


जोधपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। जोधपुर-जैसलमेर नेशनल हाईवे संख्या 125 पर बालेसर कस्बे के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सडक़ हादसा सामने आया है। यहां मीठी बेरी से चौथपुरा जाने वाली सडक़ पर एक युवक का शव और उसकी क्षतिग्रस्त बाइक पड़ी मिली। आशंका जताई जा रही है कि देर रात किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर बालेसर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मंगलवार सुबह मीठी बेरी-चौथपुरा मार्ग से गुजर रहे राहगीरों ने सडक़ किनारे एक बाइक और उसके पास ही एक युवक का शव पड़ा देखा। राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना बालेसर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को 108 एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बालेसर पहुंचाया। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 25 वर्षीय मदाराम पुत्र मोहनराम देवासी के रूप में हुई है, जो सेखाला का निवासी था। पुलिस ने मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उसके परिजनों को घटना की सूचना दी।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह मामला हिट एंड रन का माना जा रहा है। आशंका है कि देर रात किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी और चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। बालेसर पुलिस घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आरोपी वाहन चालक की तलाश में जुटी है। इसके लिए हाईवे और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश