बांध के पास युवक का शव मिलने से तनाव
राजसमंद, 4 अगस्त (हि.स.)। राजसमंद जिले के भीम थाना क्षेत्र में भूपाल सागर बांध के पास एक युवक का शव मिलने के बाद हत्या की आशंका को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने 24 घंटे से अधिक समय तक धरना-प्रदर्शन किया। मंगलवार को स्थानीय विधायक हरिसिंह रावत, पुलिस प्रशासन और परिजनों के बीच हुई समझाइश के बाद सहमति बनी, जिसके बाद परिजन पोस्टमॉर्टम कराने के लिए राजी हो गए।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11 बजे भूपाल सागर बांध के पास एक युवक का शव उसकी मोटरसाइकिल के साथ मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान गोविंद (22) पुत्र प्रभुलाल खटीक निवासी क्षेत्र के रूप में की। गोविंद रविवार शाम करीब 7:30 बजे से लापता था। शव के पास बाइक मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की और बांध के पास टेंट लगाकर धरने पर बैठ गए। मृतक अविवाहित था। परिवार में उसके माता-पिता के अलावा दो छोटे भाई-बहन हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भीम सहित जिले के चार से अधिक थानों का अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। घटनास्थल पर राजसमंद के डीएसपी नेत्रपाल सिंह, एससी-एसटी सेल के डीएसपी श्याम सिंह रतनू के अलावा भीम, देवगढ़, दिवेर, राजसमंद, नाथद्वारा, केलवाड़ा, चारभुजा और आमेट थाना प्रभारियों ने कानून-व्यवस्था संभाली। पुलिस अधिकारियों ने पूरे समय परिजनों और ग्रामीणों से लगातार वार्ता की।
मंगलवार दोपहर बाद विधायक हरिसिंह रावत की मौजूदगी में हुई समझाइश के दौरान परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज करने, मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराने, एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई करने तथा परिजनों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने पर सहमति बनी। इसके बाद धरना समाप्त हुआ और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भीम की मोर्चरी भिजवाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

