योगिनी एकादशी पर भक्ति में डूबा जयपुर: शहर के प्रमुख मंदिरों में सजी विशेष झांकियां
जयपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। योगिनी एकादशी पर शनिवार को छोटी काशी के मंदिरों में श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। आराध्य देव ठाकुर श्री गोविंद देवजी मंदिर से लेकर श्री सरस निकुंज सहित शहर के प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, पंचामृत अभिषेक, मनोहारी झांकियां और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। सुबह की मंगला झांकी से लेकर रात्रि की शयन झांकी तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
गोविंद देवजी मंदिर में श्री मन्नमाध्व गौड़ेश्वराचार्य महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में ठाकुरजी का पंचामृत अभिषेक किया गया। इसके बाद ठाकुरजी को लाल रंग की सूती पोशाक पहनाकर गोचारण लीला भाव से विशेष श्रृंगार किया गया। धूप झांकी से पूर्व फूलों के अलंकार धारण कराए गए, जबकि शाम को आकर्षक फूल बंगला झांकी सजाई गई।
इधर सुभाष चौक स्थित श्री सरस निकुंज में श्री शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के सान्निध्य में ठाकुर श्री राधा सरस बिहारी सरकार का पंचामृत अभिषेक हुआ। इसके बाद ऋतु पुष्पों से विशेष श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर विशेष रूप से कोलकाता से मंगाए गए रजनीगंधा के सफेद पुष्पों से निकुंज को सजाया गया, जिनकी सुगंध पूरे क्षेत्र में फैल गई। शाम को निकुंज के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया के निर्देशन में एकादशी के पदों और भजनों की प्रस्तुति हुई।
योगिनी एकादशी पर गोपीनाथ जी मंदिर (पुरानी बस्ती), राधा दामोदर जी मंदिर (चौड़ा रास्ता) और लाड़लीजी मंदिर (रामगंज बाजार) सहित अन्य प्रमुख मंदिरों में भी विशेष झांकियां, आरती और भोग के आयोजन हुए। गोपीनाथ जी मंदिर में महंत सिद्धार्थ गोस्वामी, राधा दामोदर जी मंदिर में महंत मलय गोस्वामी तथा लाड़लीजी मंदिर में संजय गोस्वामी के सान्निध्य में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
योगिनी एकादशी के अगले दिन द्वादशी पर गोविंद देवजी मंदिर में सुबह 8 से 10 बजे तक निशुल्क पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में गायत्री शक्तिपीठ, ब्रह्मपुरी के विद्वानों की टोली यज्ञ संपन्न कराएगी। इसमें कोई भी श्रद्धालु बिना किसी सामग्री के शामिल होकर आहुति दे सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

