home page

योग शिक्षक सम्मान समारोह पांच जुलाई को

 | 
योग शिक्षक सम्मान समारोह पांच जुलाई को


योग गुरुओं, प्रशिक्षकों एवं राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय योग खिलाडिय़ों का होगा सम्मान

जोधपुर, 30 जून (हि.स.)। बारहवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत उड़ान फाउंडेशन, योगासन जोधपुर एवं योगा एलायंस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में पांच जुलाई को योग शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में उन योग गुरुओं, प्रशिक्षकों एवं राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले योग खिलाडिय़ों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने योग के प्रचार-प्रसार और समाज में स्वास्थ्य एवं जनकल्याण की भावना को सशक्त बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

उड़ान फाउंडेशन के अध्यक्ष वरुण धनाडिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सतत प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्वभर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि इस सम्मान समारोह का उद्देश्य योग शिक्षकों और प्रशिक्षकों के समर्पण, सेवा एवं समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान का सम्मान करना है, जिन्होंने योग को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

योगा एलायंस सोसाइटी के गजराज सिंह शेखावत ने बताया कि समारोह में उन योग प्रशिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने योग शिविरों, सामूहिक योग सत्रों, कार्यशालाओं एवं विभिन्न योग गतिविधियों के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया है। इसके साथ ही राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करने वाले योग खिलाडिय़ों को भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आयोजन समिति द्वारा प्राप्त प्रविष्टियों का चयन कर उत्कृष्ट कार्य करने वाले योग प्रशिक्षकों एवं खिलाडिय़ों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। यह सम्मान समारोह 5 जुलाई को सायं 4.30 बजे रक्तशाला भवन, श्री श्री रविशंकर सेंटर गीता भवन के सामने आयोजित होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश