विश्व धरोहर दिवस: जयपुर के स्मारकों में सैलानियों का किया राजस्थानी अंदाज में स्वागत
जयपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर राजधानी जयपुर सहित प्रदेशभर के स्मारकों और संग्रहालयों में शनिवार को उत्सव जैसा माहौल रहा। इस मौके पर पर्यटकों का तिलक लगाकर और माला पहनाकर पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में स्वागत किया गया, वहीं सभी स्मारकों और संग्रहालयों में प्रवेश निशुल्क रखा गया।
जयपुर के आमेर महल, अल्बर्ट हॉल संग्रहालय, हवा महल, जंतर मंतर और नाहरगढ़ फोर्ट सहित प्रमुख धरोहर स्थलों पर बड़ी संख्या में देसी-विदेशी सैलानी पहुंचे। पर्यटकों ने ऐतिहासिक इमारतों की स्थापत्य कला और इतिहास को करीब से जाना और सराहा।
इस अवसर पर अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने आमेर महल का दौरा किया। वरिष्ठ टूरिस्ट गाइड महेश कुमार शर्मा ने उन्हें महल का भ्रमण करवाया। राजदूत ने आमेर महल की वास्तुकला की सराहना की और इसके बाद हाथी गांव का भी दौरा कर वहां हाथियों के रहन-सहन और देखभाल की जानकारी ली।
पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के निदेशक डॉ. पंकज धरेंद्र ने बताया कि विश्व धरोहर दिवस पर सभी स्मारकों और संग्रहालयों में पर्यटकों के लिए निशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई। साथ ही पारंपरिक स्वागत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से धरोहर संरक्षण का संदेश दिया गया।
आमेर महल अधीक्षक राकेश छोलक ने बताया कि इस अवसर पर लोक कलाकारों ने कच्ची घोड़ी, कठपुतली, कालबेलिया नृत्य और शहनाई वादन जैसी आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें देखकर पर्यटक मंत्रमुग्ध हो गए। स्मारक परिसर में जागरूकता बैनर भी लगाए गए और पर्यटकों ने महल की सुंदरता को कैमरे में कैद किया।
हवा महल अधीक्षक सरोजनी चंचलानी के अनुसार यहां रंगोली सजाकर पर्यटकों का स्वागत किया गया और उन्हें धरोहर संरक्षण व स्वच्छता का संदेश दिया गया। वहीं जंतर मंतर अधीक्षक प्रतिभा यादव ने बताया कि यहां भी विशेष स्वागत के साथ बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे और गर्मी को देखते हुए पक्षियों के लिए परिंडे लगाकर दाना-पानी की व्यवस्था की गई।
इसके साथ ही पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग की ओर से विरासत संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए हेरिटेज वॉक का आयोजन किया गया। यह वॉक किशनपोल बाजार स्थित विरासत संग्रहालय से शुरू होकर छोटी चौपड़, गणगौरी बाजार, लंगर के बालाजी, नाहरगढ़ थाना होते हुए 12 मोड़ मार्ग से नाहरगढ़ दुर्ग तक पहुंची।
नाहरगढ़ फोर्ट अधीक्षक सोहनलाल चौधरी ने हेरिटेज वॉक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस वॉक में करीब 250 प्रतिभागियों ने भाग लिया। नाहरगढ़ पहुंचकर प्रतिभागियों ने जयपुर शहर का विहंगम दृश्य देखा और ऐतिहासिक धरोहरों के महत्व के बारे में जानकारी प्राप्त की।
विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने जहां एक ओर पर्यटन को बढ़ावा दिया। वहीं दूसरी ओर आमजन को अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति जागरूक भी किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

