home page

विज्ञान, विकास की अंधी दौड़ में पृथ्वी एवं पर्यावरण संरक्षण की तरफ़ जागरूक रह ध्यान दें : डॉ. राजेंद्र पुरोहित

 | 
विज्ञान, विकास की अंधी दौड़ में पृथ्वी एवं पर्यावरण संरक्षण की तरफ़ जागरूक रह ध्यान दें : डॉ. राजेंद्र पुरोहित


बीकानेर, 22 अप्रैल (हि.स.)। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर के भूविज्ञान विभाग एवं जियोलॉजी एलुमनाई सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण और पृथ्वी के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण जागरूकता गतिविधियों के साथ हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने पोस्टर, स्लोगन और अन्य सृजनात्मक माध्यमों के जरिए पृथ्वी संरक्षण का संदेश दिया। इन प्रस्तुतियों में जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण नियंत्रण, जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपयोग जैसे विषय प्रमुख रूप से उभरे। इस अवसर पर विभाग परिसर में वृक्षारोपण किया गया। विद्यार्थियों ने पौधे लगाकर हरित वातावरण को बढ़ावा देने का संकल्प लिया तथा विभाग को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम के अंतर्गत स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए ‘आशुभाषण’ प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता संरक्षण और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिता के परिणामों में स्नातक वर्ग में संजू कंवर ने प्रथम, प्रियांशु यादव ने द्वितीय तथा मिहिर ठाकवानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं स्नातकोत्तर वर्ग में रक्षिता राठौड़ प्रथम, कपिल सिंह द्वितीय और रितिक कुमार तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को समारोह में सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार पुरोहित मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में विज्ञान और विकास की अंधाधुंध दौड़ के बीच पृथ्वी और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि पृथ्वी और पर्यावरण सुरक्षित नहीं रहेंगे, तो विकास का कोई अर्थ नहीं बचेगा।

भूविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. देवेश खंडेलवाल ने भी अपने विचार रखते हुए विद्यार्थियों को प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों, अभिभावकों, शोधार्थियों एवं संकाय सदस्यों ने सामूहिक रूप से पृथ्वी संरक्षण की शपथ ली और दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतें अपनाने का संकल्प लिया।ए इस अवसर पर डॉ. देवाराम (सोसाइटी सचिव), डॉ. विजय कुमार, डॉ. प्रकाश, रामनिवास धेतरवाल, रूप किशोर यादव, सरोज अमेरिया, रामप्रकाश खेमादा एवं पवन सिंह मीना सहित अन्य संकाय सदस्य, भू-वैज्ञानिक एवं अभिभावक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में व्यापक सहभागिता से विद्यार्थियों का उत्साह दोगुना हो गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव